नई फिल्मों के लिए साल के सबसे बेहतरीन मौकों में से एक स्वतंत्रता दिवस पर बॉक्स ऑफिस का माहौल अभी से गर्माने लगा है. बॉलीवुड फैन्स के ऑल टाइम फेवरेट्स में से एक इमरान हाशमी ने अपनी अगली फिल्म आवारापन 2 की रिलीज डेट अनाउंस कर दी है. इमरान की कल्ट फिल्म आवारापन के इस सीक्वल का इंतजार जनता बड़ी बेसब्री से कर रही है. लेकिन आवारापन 2 से पहले, सनी देओल की फिल्म भी स्वतंत्रता दिवस के लिए ही शेड्यूल है.
इमरान ने फाइनली शेयर की आवारापन 2 की रिलीज डेट
2007 में रिलीज हुई आवारापन, इमरान की उन फिल्मों में से एक है जिनकी कल्ट फॉलोइंग है. रिलीज के वक्त ये फिल्म कामयाब नहीं हुई थी, लेकिन टीवी पर आने के बाद जनता इस कहानी और इसमें इमरान के काम की फैन हो गई. ये फैन्स कई सालों से इमरान से रिक्वेस्ट कर रहे थे कि उन्हें आवारापन का सीक्वल लाना चाहिए. फाइनली पिछले साल अनाउंसमेंट के साथ आवारापन 2 का शूट शुरू हो गया.
पहले ये फिल्म 3 अप्रैल के लिए अनाउंस हुई थी, लेकिन शूट के दौरान इमरान को चोट लगने और उनकी सर्जरी की वजह से फिल्म लेट हो गई. अब मेकर्स ने इसकी डेट 14 अगस्त 2026 अनाउंस की है. विशेष फिल्म्स ने रिलीज डेट अनाउंस करते हुए लिखा, 'इस स्वतंत्रता दिवस वीकेंड में फ्री रहें और 14 अगस्त को, आवारापन 2 के लिए हमें थिएटर्स में मिलें.' लेकिन दिक्कत ये है कि स्वतंत्रता दिवस पर थिएटर्स ही पूरी तरह फ्री नहीं हैं क्योंकि सनी देओल की नई फिल्म भी इसी मौके पर आने वाली है.
सनी देओल से होगा इमरान हाशमी का क्लैश
बॉर्डर 2 की धमाकेदार कामयाबी के बाद सनी देओल इस साल दो और फिल्मों में नजर आने वाले हैं. साल के बीच में सनी की गबरू रिलीज होगी. स्वतंत्रता दिवस पर सनी देओल की वो फिल्म आ रही है, जिसपर बॉलीवुड की नजरें लगी हैं. पहले इसका टाइटल लाहौर 1947 था, पर हाल ही में खबरें आई हैं कि अब इसका टाइटल बंटवारा 1947 कर दिया गया है. ये आवारापन 2 से ठीक एक दिन पहले, 13 अगस्त के लिए शेड्यूल है.
सनी की इस फिल्म को राजकुमार संतोषी डायरेक्ट कर रहे हैं. इस जोड़ी ने इससे पहले घायल, घातक और दामिनी जैसी फिल्मों पर काम किया है. बंटवारा 1947 के प्रोड्यूसर आमिर खान हैं, जो फिल्म में कैमियो भी करने वाले हैं. इस फिल्म की रिपोर्ट्स अच्छी आ रही हैं और पूरे ट्रेड को फिल्म के फर्स्ट लुक का इंतजार है. ऊपर से गदर 2, जाट और बॉर्डर 2 से कामयाबी की हैट्रिक लगा चुके सनी शानदार फॉर्म में हैं.
आवारापन 2 उन फिल्मों में से एक है, जो जनता की डिमांड की वजह से बन रही हैं. इमरान हाशमी को जनता एक बार फिर से उसी अंदाज में देखने के लिए एक्साइटेड है, जिसके लिए उन्हें जाना जाता है. ऐसे में स्वतंत्रता दिवस पर बॉक्स ऑफिस पर दो दमदार फिल्मों के क्लैश का माहौल तैयार हो रहा है. देखना है कि किस फिल्म को स्वतंत्रता दिवस वाले बड़े वीकेंड पर, बड़ी कामयाबी मिलती है.