प्रियदर्शन का साथ अक्षय के लिए फिर से बॉक्स ऑफिस पर वो रौनक लेकर आया है, जिसके लिए वो फिल्म बिजनेस के लिए बहुत महत्वपूर्ण रहे हैं. गोलमाल, भागमभाग, भूल भुलैया और गरम मसाला जैसी फिल्में दे चुकी अक्षय और प्रियदर्शन की जोड़ी, इन दिनों भूत बंगला से धमाल मचा रही है.
पहले हफ्ते में ही भूत बंगला ने दिखा दिया था कि ये बड़ी हिट बनने के लिए तैयार है. दूसरे वीकेंड में भी फिल्म दमदार बिजनेस लेकर आई, लेकिन इसका सफर आगे कितना लंबा होगा, ये तय होना था इस सोमवार की कमाई से. दूसरे मंडे को फिल्मों का गिरना आगे उनके स्लो पड़ने की वजह बनता है. मगर भूत बंगला ने दूसरे सोमवार को दमदार पकड़ के साथ बता दिया है कि ये अभी स्लो नहीं पड़ने वाली.
भूत बंगला का बॉक्स ऑफिस पर मजबूत होल्ड
अक्षय की फिल्म ने पहले हफ्ते में ही 95 करोड़ कलेक्शन कर डाला था. वीकेंड में फिल्म ने एक बार फिर से जमकर दर्शक जुटाए. भूत बंगला से अक्षय के खाते में 4 साल बाद, दूसरे वीकेंड की कमाई 26 करोड़ से ज्यादा दर्ज हुई. अब सैकनिल्क का डेटा बताता है कि भूत बंगला ने मंडे को 3.5 करोड़ रुपये से ज्यादा कलेक्शन किया है.
वीकेंड के धमाके से पहले भूत बंगला के सामने आखिरी वर्किंग डे शुक्रवार था. शुक्रवार को फिल्म ने 5.60 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन किया था. इसके मुकाबले सोमवार को भूत बंगला के कलेक्शन में 40% से भी कम गिरावट आई है. ये बताता है कि अक्षय की फिल्म का बॉक्स ऑफिस होल्ड शानदार बना हुआ है. अब 11 दिन में भूत बंगला ने 125 करोड़ रुपये से ज्यादा कलेक्शन कर लिया है. मंगलवार को थिएटर्स का ब्लॉकबस्टर ट्यूस्डे ऑफर एक बार फिर से फिल्म के लिए ग्रोथ लेकर आएगा. और कलेक्शन 130 करोड़ के बहुत करीब पहुंच जाएगा.
अक्षय के लिए बड़ी हिट बनकर आई भूत बंगला
लॉकडाउन के ठीक बाद आई सूर्यवंशी के बाद से अक्षय को एक भी बड़ी हिट नहीं मिली है. 2022-24 में उनकी बच्चन पांडे, सम्राट पृथ्वीराज, सेल्फ़ी, सरफिरा, बड़े मियां छोटे मियां जैसी फिल्में बड़ी फ्लॉप साबित हुईं.
2025 में अक्षय की हाउसफुल 5, जॉली एलएलबी और केसरी चैप्टर 2 जैसी फिल्में फ्लॉप होने से तो बच गईं. इनमें से दो ने 100 करोड़ का आंकड़ा भी पार किया. लेकिन बजट और कलेक्शन के हिसाब से इन फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर अंडरपरफॉर्म किया.
120 करोड़ के रिपोर्टेड बजट में बनी भूत बंगला ने अपना बजट पूरी तरह इंडियन बॉक्स ऑफिस से ही रिकवर कर लिया है. अक्षय की ये कॉमेडी फिल्म 150 करोड़ तक लाइफटाइम कलेक्शन करने के लिए तैयार नजर आ रही है. ये पिछले चार सालों में अक्षय की सबसे बड़ी हिट बन चुकी है.