पॉपुलर यूट्यूबर और बिग बॉस 17 फेम अनुराग डोबाल जिंदगी के मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं. अनुराग का परिवार संग लंबे समय से विवाद चल रहा है, जिस वजह से वो मेंटली डिस्टर्ब हैं. इसी बीच अनुराग की गाड़ी बीती रात सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई. LIVE स्ट्रीम के दौरान ही अनुराग की गाड़ी तेज रफ्तार में दौड़ते हुए डिवाइडर से टकरा गई और ये पूरा हादसा कैमरे में कैद हो गया. कार दुर्घटना के बाद लाइव सेशन अचानक खत्म हो गया. ऐसे में यूट्यूबर के फैंस उन्हें लेकर चिंतित हैं.
कब, कहां और कैसे हुआ हादसा?
LIVE स्ट्रीम के दौरान जिस वक्त अनुराग की गाड़ी का एक्सीडेंट हुआ तब वो काफी इमोशनल और परेशान नजर आए. उनके हजारों फैंस भी उनके साथ ऑनलाइन कनेक्टेड थे. बताया जा रहा है कि लाइव स्ट्रीम के दौरान अनुराग की गाड़ी 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार दौड़ रही थी. उनकी हाई-स्पीड कार ने मेरठ एक्सप्रेसवे पर बैलेंस खो दिया और सीधे डिवाइडर से जा टकराई.
लाइव वीडियो में अनुराग की गाड़ी को डिवाइडर से टकराता देख फैंस के रोंगटे खड़े हो गए हैं. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.वीडियो देखने के बाद कई लोगों का मानना है कि अनुराग ने आत्महत्या की कोशिश की है, क्योंकि वो कुछ समय से डिप्रेशन में हैं. बीते कुछ दिनों से वो सोशल मीडिया के जरिए परिवार से मिले धोखे के बारे में जानकारी भी दे रहे हैं. वो कई बार रोते भी दिखे हैं.
एक्सीडेंट के बाद सड़क पर तड़पते दिखे अनुराग
घटना के बाद का अनुराग का एक वीडियो सामने आया है. अनुराग सड़क पर तड़पते हुए नजर आ रहे हैं. अनुराग कुछ बोलने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि, उनकी बात ठीक से समझ नहीं आ रही. अनुराग को सड़क पर तड़पता देख वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई. लोग अनुराग को संभालते नजर आ रहे हैं.
चकनाचूर हुई गाड़ी
अनुराग के तमाम फैंस और उनके सभी चाहनेवाले उन्हें लेकर चिंता में हैं. अनुराग के एक्सीडेंट के बाद के कई फोटोज और वीडियोज भी सामने आए हैं. तस्वीरों में देख सकते हैं कि टक्कर इतनी खतरनाक हुई है कि उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी बुरी तरह से चकनाचूर हो गई है.

किस हाल में हैं अनुराग?
एक्सीडेंट के बाद अनुराग को आनन-फानन में मेरठ के सुभारती अस्पताल ले जाया गया था. इस खौफनाक मंजर को अपनी आंखों से देखने के बाद अनुराग के तमाम फैंस उन्हें लेकर चिंता में हैं. ऐसे में अब अनुराग के मैनेजर रोहित पांडे ने यूट्यूबर को लेकर अपडेट दिया है. उन्होंने इंस्टा स्टोरी पर पोस्ट शेयर करके बताया है कि अनुराग इस समय ICU में हैं.
अनुराग के मैनेजर ने बताया- उन्हें दूसरे हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया है. फिलहाल वो ICU में हैं. उनके लिए प्रार्थना करें. हम डॉक्टर्स और बाकी लोगों के टच में हैं. हमें सपोर्ट करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद, खासकर उन फैंस का धन्यवाद, जिन्होंने मुझे उनका पता लगाने और उनकी मदद करने में सहायता की.
पोस्ट में आगे लिखा है- यही कमाया है UK भाई ने. आप नहीं होते तो क्या होता. जितना आप फैंस को थैंक्यू कहूं कम है. कुछ नहीं होने देंगे भाई को.

परिवार से मिले धोखे के दर्द में हैं अनुराग
अनुराग की बात करें तो वो बीते कुछ समय से पारिवारिक समस्याओं से जूझ रहे हैं. वो तनाव में हैं. अनुराग ने 5 मार्च को अपने यूट्यूब चैनल पर दो घंटे लंबा एक वीडियो शेयर किया था. इसमें उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ की मुश्किलों, परिवार के साथ विवाद, मानसिक तनाव को लेकर बात की थी. वो रोते हुए भी दिखाई दिए थे. अनुराग ने व्लॉग में अपने माता-पिता और भाई पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया था. उन्होंने कहा था कि उनके माता-पिता ने उन्हें टॉर्चर कर रहे हैं. उनके भाइयों से भी उन्हें परेशान किया हुआ है. घरवालों से परेशान होकर उनकी पत्नी घर छोड़कर चली गई हैं. व्लॉग में अनुराग ने आत्महत्या करने के बारे में भी हिंट दिया था.
अनुराग ने इंस्टा स्टोरी पर एक पोस्ट भी शेयर की थी, जिसमें लिखा था- पिछले साल से कुछ लोग मुझे मेंटली हैरेस कर रहे हैं. मेरे खुद के अपने लोगों ने मुझे इतना टॉर्चर किया है कि मुझे जीने लायक ही नहीं छोड़ा है. जितना हो सकता था मैंने खुद के लिए लड़ाई लड़ी. लेकिन अब वो लोग मुझे फॉलो कर रहे हैं, ताकि मुझे मारने की प्लानिंग कर सकें. जितना सह सकता था हो गया अब और नहीं सह सकता. जाऊंगा जरूर लेकिन इन सबके चेहरे और सच्चाई बताकर जाऊंगा. अब सहन नहीं होता.

ऐसे में पुलिस और संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं और ये पता लगाने में जुटे हैं कि क्या अनुराग का एक्सीडेंट तेज रफ्तार के कारण हुआ एक हादसा था या इसके पीछे कोई सोची-समझी साजिश है.