मोहित सूरी की सरप्राइज रोमांटिक ब्लॉकबस्टर सैयारा के साथ नए कलाकार अहान पांडे और अनीत पड्डा ने लोगों के दिलों में अपनी खास जगह बना ली. फिल्म रिलीज होते ही एक कल्चरल मोमेंट बन गई. सोशल मीडिया पर थिएटर के अंदर बैठे रोते हुए दर्शकों के रील्स और क्लिप्स छा गए थे.
एक वीडियो सबसे ज्यादा चर्चा में रहा था जहां मुंबई में एक शख्स फिल्म देखते हुए IV ड्रिप लगी हालत में नजर आया. ये क्लिप फिल्म के इमोशनल असर की मिसाल बन गई. हाल ही में अहान ने इसका सच बताया. उन्होंने माना कि वो खुद भी इस घटना से हैरान रह गए थे.
क्या थी IV ड्रिप वाले शख्स की कहानी
एस्क्वायर इंडिया को दिए इंटरव्यू में अहान ने कहा- आपको पता है, वो असल में एक ऐसे शख्स थे जिनकी डायलिसिस चल रही थी. मोहित सर को बाद में पता चला, क्योंकि हम भी सोच रहे थे कि ये सब कैसे हो रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों को लगा कि ये फिल्म की प्रमोशनल स्ट्रैटेजी है, क्योंकि उन्हें इस पर यकीन करना मुश्किल लग रहा था.
जब उनसे पूछा गया कि फिल्म लोगों को इतनी गहराई से क्यों छू गई, तो अहान ने कहा- मुझे लगता है लोग इस तरह रिएक्ट इसलिए कर पाए क्योंकि कई सालों से हमारे दिमाग में चीजें करने का एक तय तरीका बन गया था. सब कुछ बहुत सख्त और फॉर्मूला जैसा हो गया था. शायद लोग कुछ ऐसा देखना चाहते थे जहां कलाकार परफेक्ट बनने की कोशिश न करें, और इस फिल्म ने वही करने दिया. रोमांस परफेक्ट नहीं होता. प्यार कभी परफेक्ट नहीं होता.
अहान को करानी पड़ी सर्जरी
अहान ने ये भी बताया कि फिल्म की रिलीज के बाद, जब फिल्म अपनी सफलता के चरम पर थी, तब उन्होंने एक बड़ी सर्जरी करवाई. उन्होंने इसे सबसे दर्दनाक सर्जरी में से एक बताया. ये सर्जरी कई साल पहले हुए एक स्नोमोबाइल एक्सीडेंट की वजह से करनी पड़ी थी, जिसमें उनके कंधे में सबलक्सेशन हो गया था. ये पुरानी चोट उनकी फिटनेस पर असर डाल रही थी, इसलिए अगली एक्शन फिल्म शुरू करने से पहले उन्होंने इसे ठीक करवाने का फैसला किया.
अहान की अगली फिल्म अली अब्बास जफर के साथ एक्शन-रोमांस है. इस फिल्म में शरवरी भी नजर आएंगी, जो जल्द ही आलिया भट्ट के साथ फिल्म अल्फा में दिखेंगी.