scorecardresearch
 

केंद्रीय बलों पर TMC का बड़ा आरोप, अभिषेक बनर्जी का दावा- मारपीट से बुजुर्ग वोटर की मौत

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग के बीच सियासत गरमा गई. TMC नेता अभिषेक बनर्जी ने केंद्रीय बलों पर गंभीर आरोप लगाते हुए एक बुज़ुर्ग वोटर की मौत का दावा किया. आरोप-प्रत्यारोप के बीच चुनावी माहौल बेहद तनावपूर्ण बना हुआ था.

Advertisement
X
हावड़ा के उदयनारायणपुर में बुजुर्ग मतदाता के साथ मारपीट का दावा किया गया है. (Photo: X/@AITCofficial)
हावड़ा के उदयनारायणपुर में बुजुर्ग मतदाता के साथ मारपीट का दावा किया गया है. (Photo: X/@AITCofficial)

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण का मतदान संपन्न हो गया. इस दौरान TMC नेता अभिषेक बनर्जी ने ने केंद्रीय बलों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका दावा है कि केंद्रीय बलों की मारपीट के बाद एक बुज़ुर्ग वोटर की मौत हो गई. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए गए एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि हावड़ा जिले के उदयनारायणपुर में यह घटना हुई. 

अभिषेक बनर्जी के मुताबिक, बुज़ुर्ग मतदाता बेटे के साथ वोट डालने गए थे. बेटा उन्हें बूथ के अंदर ले जाने में मदद कर रहा था, तभी केंद्रीय बलों ने धक्का दे दिया. उनके साथ मारपीट करने लगे. बुज़ुर्ग वहीं गिर पड़े और उन्हें तुरंत अमता अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उन्होंने केंद्रीय बलों पर BJP के लिए काम करने का आरोप लगाया.

डायमंड हार्बर से सांसद बनर्जी ने मतदाताओं को डराने-धमकाने का आरोप भी लगाया. उनके मुताबिक, सुबह से ही केंद्रीय बल महिलाओं को थप्पड़ मार रहे थे, बुज़ुर्गों के साथ मारपीट कर रहे थे और यहां तक कि बच्चों पर भी हमला कर रहे थे. उन्होंने इन घटनाओं की तुलना 2021 की सीतलकुची गोलीबारी से करते हुए कहा कि BJP को इसका खामियाजा भुगतना पड़ा था.

Advertisement

उन्होंने कहा कि साल 2026 के चुनाव में BJP को इससे भी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी. उन्होंने चेतावनी दी कि इन घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. हालांकि, इन आरोपों पर अब तक भारतीय जनता पार्टी, केंद्रीय बलों के अधिकारियों या चुनाव आयोग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

इसी बीच चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती भी देखने को मिली थी. विशेष पुलिस पर्यवेक्षक अजय पाल शर्मा ने बुधवार को दक्षिण 24 परगना जिले का दौरा कर मतदान प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखी. उत्तर प्रदेश कैडर के इस IPS अफसर को उनके सख्त रवैये के कारण सिंघम के नाम से भी जाना जाता है. डायमंड हार्बर अभिषेक बनर्जी का गढ़ माना जाता है.

पिछले दो दिनों से उनकी कार्रवाई चर्चा में रही. उन्होंने संभावित उपद्रवियों को चेतावनी दी कि यदि मतदान में बाधा डालने की कोशिश की गई, तो उचित तरीके से निपटा जाएगा. मंगलवार को इस सख्ती को लेकर TMC नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध भी किया. पार्टी ने आरोप लगाया कि अधिकारी अपनी सीमा लांघ रहे हैं. कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहे हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement