पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 2026 विधानसभा चुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस (TMC) के लिए कैंडिडेट्स की लिस्ट जारी कर दी है. पार्टी 291 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और 3 सीटें अपने सहयोगी दल BGPM को दी गई हैं जो दार्जिलिंग की पहाड़ियों में लड़ेंगे.
सीट बंटवारे में इस बात का खास ध्यान दिया गया है जिस नेता की जमीनी पकड़ हो उसे प्राथमिकता दी जाए. साथ ही TMC ने एंटी-इंकम्बेंसी कम करने के लिए कई चेहरे बदलने का फैसला लिया है.
1. काम दिखाओ, वरना टिकट नहीं
15 साल से सत्ता में रहने के बाद जनता में नाराजगी स्वाभाविक है. इसी को देखते हुए पार्टी ने 74 बैठे विधायकों का टिकट काट दिया और 15 के क्षेत्र बदल दिए. पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी जो जेल में हैं, क्रिकेटर मनोज तिवारी, अभिनेता चिरंजीत और काचन मल्लिक जैसे कई बड़े नाम बाहर हो गए.
2. इस बार कोई नया फिल्मी चेहरा नहीं
TMC की पुरानी आदत रही है कि वह फिल्म जगत के सितारों को टिकट देती है. लेकिन इस बार एक भी नया फिल्मी चेहरा सूची में नहीं है. देव, नुसरत जहां, मिमी चक्रवर्ती जैसे पुराने सितारों को पहले टिकट मिल चुके हैं. इस बार जो कलाकार पहले से विधायक हैं. जैसे सोहम चक्रवर्ती, सायंतिका बनर्जी, इंद्रनील सेन उन्हें ही दोबारा मौका दिया गया है.
यह भी पढ़ें: Ground Report: ममता का शुभ-अशुभ और कालीघाट के इस छोटे से कमरे की कहानी
3. नए और पुराने का संतुलन
पार्टी के भीतर पुरानी पीढ़ी और नई पीढ़ी के बीच खींचतान चलती रही है. लेकिन इस बार सूची में 45 फीसदी उम्मीदवार 50 साल से कम उम्र के हैं. युवा चेहरों में IT सेल प्रमुख देबांगशु भट्टाचार्य, पूर्व राज्यसभा सांसद रिताब्रत बनर्जी और एशियाई खेलों की खिलाड़ी स्वप्ना बर्मन शामिल हैं.
4. आज पार्टी जॉइन की, आज ही टिकट मिला!
यह सबसे चौंकाने वाली बात है - 13 ऐसे उम्मीदवार हैं जिन्होंने उसी दिन पार्टी जॉइन की और उसी दिन टिकट भी पा गए. सबसे बड़ा नाम है BJP के पबित्र कर, जो नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ लड़ेंगे. खास बात यह है कि पबित्र कर, शुभेंदु के करीबी माने जाते थे. इनके अलावा पूर्व क्रिकेटर शिब शंकर पॉल को भी टिकट मिला है.
5. महिला और मुस्लिम वोट बैंक पर पूरा ध्यान
TMC के दो सबसे मजबूत वोट आधार हैं महिलाएं और मुसलमान. इस बार 52 महिला उम्मीदवार उतारी गई हैं जो कुल सीटों का 18 फीसदी है, और 40 मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है. इसके अलावा अनुसूचित जाति के 78 और अनुसूचित जनजाति के 17 उम्मीदवार हैं.