उत्तर प्रदेश के बांदा में रविवार तड़के दुष्कर्म का आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया. आरोपी के हाथ में हथकड़ी लगी थी. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पुलिसकर्मियों को चकमा दिया और थाने से निकल गया. घटना के बाद आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.
बाबेरू क्षेत्राधिकारी कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी की पहचान महोखर गांव निवासी मलखान यादव के रूप में हुई है. वह देहात कोतवाली थाना क्षेत्र का रहने वाला है. बिसंडा पुलिस ने उसे नाबालिग लड़की को कथित तौर पर अगवा करने और उसके साथ दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया था.
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपी ने करीब एक महीने पहले बिसंडा थाना क्षेत्र से नाबालिग लड़की को कथित तौर पर अपने साथ ले गया था. पुलिस ने शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर नाबालिग लड़की को बरामद किया था. इसके बाद दोनों को पुलिस थाने लाया गया था.
सुबह करीब 4 बजे थाने से भागा
पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 4 बजे आरोपी ने पुलिसकर्मियों को चकमा दिया और थाने से फरार हो गया. उस समय उसके हाथ में हथकड़ी लगी हुई थी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी.
कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी के फरार होने के मामले में उसके खिलाफ और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया जा रहा है. पुलिस की टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए अलग-अलग स्थानों पर तलाश की जा रही है. मामले में आरोपी के थाने से फरार होने की पूरी घटना की भी जांच की जा रही है.