Jodhpur Extortion Case: राजस्थान के जोधपुर में एक बार फिर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का खौफ लौट आया है. इस बार निशाने पर शहर के दो नामी कारोबारी हैं, जिन्हें फोन पर सीधे जान से हाथ धो देने की धमकी देते हुए 48 घंटे में 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है. कॉल करने वाले ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई आरजू बिश्नोई बताया और कहा-जीना चाहते हो तो दो दिन में पैसे तैयार रखो, दो दिन बाद फिर कॉल करूंगा.
धमकी इतनी गंभीर थी कि दोनों कारोबारी घबरा गए और तुरंत पुलिस की शरण में पहुंचे. खतरे की आशंका को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश पासवान के निर्देश पर दोनों कारोबारी दीपक और मनीष को सुरक्षा के लिए दो गनमैन उपलब्ध कराए गए हैं. हालांकि, पूरे मामले पर पुलिस की चुप्पी सवालों के घेरे में है.
सूत्रों के अनुसार विजय नगर निवासी कारोबारी दीपक और मनीष के मोबाइल पर 6 फरवरी की रात करीब 10 बजे इंटरनेट कॉल (वीपीएन के जरिए) आई. कॉल करने वाले ने एक-एक कर दोनों से बात की और खुद को लॉरेंस बिश्नोई का भाई आरजू बिश्नोई बताया. कॉलर ने न सिर्फ 2 करोड़ की मांग रखी, बल्कि यह भी साफ कर दिया कि पैसे नहीं मिले तो अंजाम भुगतना पड़ेगा.
धमकी के बाद दोनों कारोबारियों के हाथ-पांव फूल गए. उन्होंने देर किए बिना चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक न तो किसी गिरफ्तारी की पुष्टि हुई है और न ही आधिकारिक बयान सामने आया है. फिलहाल पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कॉल की लोकेशन और नेटवर्क खंगालने में जुटी है. दोनों कारोबारियों के साथ पुलिस कमिश्नर ने एक-एक गनमैन लगाया है.
(जोधपुर से अशोक शर्मा का इनपुट)