युद्ध की वजह से शेयर बाजार में कोहराम मचा हुआ है. सोमवार को सेंसेक्स 1352 अंक गिरकर 77,566.16 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी में 422.40 अंकों की बड़ी गिरावट दर्ज की गई. युद्ध की वजह से इंडेक्स में करीब 10 फीसदी की गिरावट आई है.
इस बीच कुछ ऐसे चर्चित शेयर्स हैं, जिनमें पिछले कुछ महीनों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है. खासतौर पर ऐसे स्टॉक्स, जिन्होंने पहले जबरदस्त रैली दिखाई थी, अब भारी करेक्शन का सामना कर रहे हैं. आइए ऐसे 5 स्टॉक्स बारे में जानते हैं.
Trent Ltd
सबसे पहले बात करते हैं, टाटा ग्रुप की रिटेल कंपनी Trent Ltd की. इस शेयर में पिछले कुछ महीनों में बड़ी गिरावट आई है. अक्टूबर 2024 में इसका भाव करीब 7800 रुपये तक पहुंच गया था, जो उस समय इसका रिकॉर्ड स्तर था. हालांकि उसके बाद बाजार में मुनाफावसूली और वैल्यूएशन को लेकर चिंताओं के चलते शेयर लगातार फिसलता गया. फिलहाल यह शेयर गिरकर करीब 3622 रुपये के आसपास आ गया है. यानी अपने उच्चतम स्तर से इसमें करीब 50% से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है.
Jio Financial Ltd
इसी तरह Jio Financial Services के शेयर में भी तेज गिरावट देखने को मिली है. अगस्त 2024 में यह शेयर करीब 385 रुपये तक पहुंच गया था. लेकिन उसके बाद बाजार में दबाव और निवेशकों की मुनाफावसूली के चलते शेयर टूटता गया. अब यह करीब 230 रुपये के आसपास ट्रेड कर रहा है, जो अपने हाई से करीब 40% फिसल चुका है.
टाटा की सबसे बड़ी कंपनी TCS
आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी Tata Consultancy Services के शेयर में भी तेज करेक्शन आया है. सितंबर 2024 में यह शेयर करीब 4600 रुपये तक पहुंच गया था. हालांकि वैश्विक आईटी सेक्टर में मांग को लेकर अनिश्चितता और बाजार में कमजोरी के कारण इसमें गिरावट आई. अब यह शेयर करीब 2577 रुपये के स्तर तक फिसल चुका है.
Kaynes Technology India
टेक सेक्टर की कंपनी Kaynes Technology India के शेयरों में भी बड़ी गिरावट देखी गई है. जनवरी-2025 में इसका भाव करीब 7600 रुपये के आसपास था, लेकिन इसके बाद वैल्यूएशन करेक्शन और टेक सेक्टर में कमजोरी के कारण यह शेयर गिरकर करीब 3675 रुपये तक पहुंच गया है.
Whirlpool India
कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर की कंपनी Whirlpool India के शेयर ने भी निवेशकों को निराश किया है. अक्टूबर 2024 में इसका भाव करीब 2400 रुपये था, जो अब गिरकर लगभग 871 रुपये तक पहुंच गया है. यानी इस शेयर में 60 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है.
(नोट: शेयर बाजार में निवेश से पहले वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें)