सोने-चांदी में अब गिरावट थम चुकी है, क्योंकि पिछले चार दिनों में सोना-चांदी में गजब की तेजी देखी गई है. पिछले 4 दिनों में ही चांदी 12000 रुपये से ज्यादा चढ़ चुकी है. इसी तरह, सोने के दाम में भी बड़ी उछाल आई है. यह तेजी ऐसे समय में है, जब ग्लोबल तनाव बढ़ रहा है.
आज सोने-चांदी का भाव
MCX पर शुक्रवार को सोने के दाम में 1000 रुपये की तेजी देखने को मिली और यह 1,49,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए. इसी तरह, कमोडिटी मार्केट में चांदी की कीमतों में करीब 3500 रुपये की तेजी आई, जो 2,29,500 रुपये प्रति किलो के करीब पहुंच गई.
सिर्फ 4 दिन में रॉकेट बना गोल्ड-सिल्वर
वहीं 3 अगस्त को एमसीएक्स पर सोने के भाव करीब 1.43 लाख रुपये थे, जबकि चांदी की कीमत करीब 2.17 लाख रुपये थी. ऐसे में देखा जाए तो सोने की कीमत 4 दिन के दौरान 7000 रुपये भागी है और चांदी की कीमत 12000 रुपये से ज्यादा चढ़ी है.
ईटीएफ मार्केट में भी तेजी, लेकिन...
सोने चांदी के दाम में भले ही यह तेजी दिख रही हो, लेकिन ETF मार्केट में अभी उतनी तेजी नहीं आई है. इस अवधि के दौरान Gold ETF में करीब 3 से 4 फीसदी की तेजी आई है. वहीं सिल्वर ईटीएफ में भी 4 से 5 फीसदी की उछाल आई है.
क्यों चढ़ रहे सोने चांदी के भाव?
अमेरिका और ईरान में होर्मुज को लेकर तनाव बढ़ चुका है. ईरान ने कहा है कि वह अमेरिकी जहाजों को यहां से गुजरने नहीं देगा. इसके अलावा, कच्चे तेल के दाम में भी उछाल देखी जा रही है. इधर, अमेरिका में जॉब डेटा में उछाल आने की उम्मीद है. इस सही चीजों ने अमेरिकी डॉलर को कमजोर किया है, जिस कारण सोने-चांदी जैसे सेफ एसेट की कीमतों में उछाल देखी जा रही है.
रिकॉर्ड हाई से कितना सस्ता?
जनवरी के दौरान सोने और चांदी के दाम में बड़ी उछाल देखने को मिली थी. सोना 1.93 लाख रुपये के ऊपर चला गया था, जबकि चांदी 4.20 लाख रुपये तक पहुंच गई थी. ऐसे में सोना अभी भी 43 हजार रुपये और चांदी 1.91 लाख रुपये सस्ते हो चुके हैं.
(नोट- सोने-चांदी में निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें. आजतक डॉट इन किसी भी तरह के निवेश की सलाह नहीं देता है.)