मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध (Middle East War) और कच्चे तेल की कीमतों में आए उछाल (Crude Oil Price Surge) ने बीते सप्ताह दुनियाभर के शेयर बाजार में हाहाकार मचाए रखा. भारत पर भी इसका असर दिखा और सेंसेक्स-निफ्टी भर-भराकर क्रैश नजर आए. हफ्ते के पांच कारोबारी दिनों में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का Sensex 4,355 अंक या 5.51% की गिरावट में रहा, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का Nifty 1,299.35 अंक या 5.31% फिसला.
क्रैश होता रहा शेयर बाजार
पिछले सप्ताह अमेरिका-इजरायल के साथ ईरान के बढ़ते युद्ध से एशियाई बाजारों के साथ ही भारतीय शेयर बाजार भी लगभग हर दिन क्रैश (Stock Market Crash) होता नजर आया. इससे शेयर बाजार में पैसे लगाने वाले निवेशकों को हुए नुकसान का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पीटीआई के मुताबिक, Sensex Top-10 कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटल पिछले हफ्ते के महज 5 कारोबारी दिनों में ही कंबाइंड रूप से 4.48 लाख करोड़ रुपये घट गया. सबसे ज्यादा नुकसान में सरकारी बैंक SBI और प्राइवेट सेक्टर का सबसे बड़ा बैक HDFC Bank रहा.
SBI के निवेशकों को 89000Cr का झटका
शेयर बाजार में गिरावट के बीच सबसे ज्यादा नुकसान बीते सप्ताह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के शेयरों में पैसे लगाने वालों को उठाना पड़ा है. SBI Market Cap कम होकर 9.66 लाख करोड़ रुपये पर आ गया और इस हिसाब से महज पांच कारोबारी दिनों में निवेशकों के 89,306.22 करोड़ रुपये डूब गए. इसके बाद HDFC Bank के निवेशकों के 61,715.32 करोड़ रुपये स्वाहा हो गए और इसकी मार्केट वैल्यू कम होकर 12.57 लाख करोड़ रुपये पर आ गई.
TCS, Bajaj और Airtel सब धड़ाम
सेंसेक्स की टॉप-10 लिस्ट में शामिल अन्य कंपनियों की बात करें, तो बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप 59,082.49 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 5.32 लाख करोड़, जबकि टाटा ग्रुप की TCS की मार्केट वैल्यू 53,312.12 करोड़ रुपये घटकर 8.72 लाख करोड़ रह गई. इसके बाद नंबर ICICI Bank का है, जिसका मार्केट कैप 42,205.04 करोड़ रुपये की गिरावट लेकर 8.97 लाख करोड़ रुपये रह गया. वहीं भारती एयरटेल को 38,688 करोड़ का नुकसान हुआ और Airtel Market Cap 10.28 लाख करोड़ रुपये पर आ गया.
मुकेश अंबानी की कंपनी ने कराया घाटा
बात देश के सबसे अमीर इंसान मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज की करें, तो Reliance Market Cap भी कम होकर 18.68 लाख करोड़ रुपये पर आ गया और इसके निवेशकों को 33,289.88 करोड़ रुपये का घाटा हुआ. LIC की मार्केट वैल्यू 31,245.49 करोड़ रुपये घटकर 4.88 लाख करोड़, तो वहीं Infosys Market Value 24,230.96 करोड़ घटकर 5.06 लाख करोड़ और HUL की 15,401.57 करोड़ रुपये गिरकर 5.07 लाख करोड़ रह गई.
नुकसान के बाद भी रिलायंस का दबदबा
भले ही बीते सप्ताह US-Iran War के चलते बढ़ी ग्लोबल टेंशन के बीच भारी नुकसान उठाना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद मार्केट कैप के लिहाज से देश की सबसे बड़ी कंपनियों की लिस्ट में मुकेश अंबानी की रिलायंस का दबदबा कायम रहा और ये नंबर-1 पायदान पर बनी रही. इसके बाद क्रमश: एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, एचयूएल और एलआईसी का स्थान रहा.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)