एक कंपनी के शेयर में बड़ी गिरावट देखने को मिली, क्योंकि प्रमोटर्स द्वारा बड़ी हिस्सेदारी बेचने की खबर सामने आई. जबकि यह शेयर पिछले तीन कारोबारी सत्रों में 10 फीसदी से ज्यादा की तेजी दिखा चुका था. हम बात कर रहे हैं विशाल मेगा मार्ट के शेयरों की.
शुक्रवार को BSE पर विशाल मेगा मार्ट के शेयर 7% तक गिरकर दिन के सबसे निचले स्तर 118 रुपये पर आ गए. यह गिरावट तब आई है, जब एक ब्लॉक डील में 7,915 करोड़ रुपये की 14.2% इक्विटी हिस्सेदारी बेचने जानकारी आई. मार्केट खुलने से पहले, न्यूज़ एजेंसियों ने बताया था कि ब्लॉक डील का साइज़ बढ़ाकर लगभग 7,400 करोड़ रुपये कर दिया गया है.
रिपोर्ट के मुतातिबक, कंपनी ने इस शेयर में हिस्सेदारी 115 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बेचे हैं. यह हिस्सेदारी बिक्री ब्लॉक डील के ज़रिए की गई है, जिसका मतलब है कि पिछले क्लोजिंग प्राइस से लगभग 10% का डिस्काउंट है. यही कारण रहा है कि इसमें शुक्रवार को 7 फीसदी तक की गिरावट आई.
किसने बेची ये हिस्सेदारी?
यह हिस्सेदारी Samayat Services की ओर से बेचे गए हैं, जिसके पास 31 दिसंबर, 2025 तक विशाल मेगा मार्ट में 54.09% हिस्सेदारी थी. रिपोर्ट में कहा गया है कि इस ट्रांजेक्शन में 3.05 करोड़ शेयरों की बिक्री शामिल है. ब्लॉक डील के ज़रिए बेचे जाने वाले शेयर 150 दिनों के लॉक-इन पीरियड के तहत आते हैं.
क्या करती है ये कंपनी?
विशाल मेगा मार्ट भारत में एक लीडिंग फैशन-फोकस्ड हाइपरमार्केट चेन के तौर पर काम करता है, जिसके 780 से ज्यादा स्टोर का नेटवर्क है जो कीफायती फैशन, जनरल मर्चेंडाइज और ग्रॉसरी ऑफरिंग के जरिए मिडिल-इनकम कंज्यूमर्स को सर्विस देता है.
विशाल मेगा मार्ट शेयर प्राइस परफॉर्मेंस
गुरुवार को विशाल मेगा मार्ट के शेयर NSE पर 127.53 रुपये पर सेटल हुए, जो पिछले क्लोजिंग के मुकाबले 4.56 रुपये या 3.71% की तेजी पर थे. सेशन के दौरान काउंटर पर भारी ट्रेडिंग एक्टिविटी देखी गई, जिसमें 4 करोड़ से ज़्यादा शेयरों का लेन-देन हुआ.
पिछले एक साल में यह स्टॉक 24% चढ़ा है, जो इसी समय में निफ्टी में 13% की बढ़त और BSE सेंसेक्स में 10% की बढ़त से बेहतर परफॉर्म कर रहा है. 2026 की बात करें तो, स्टॉक पिछले पांच दिनों में 10% बढ़ा है, लेकिन अभी भी साल-दर-साल के आधार पर 6% से ज्यादा नीचे ट्रेड कर रहा है.
(नोट- किसी भी शेयर में निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)