शेयर बाजार में कब कौन सा शेयर झटके में मालामाल बना दे और कौन सा कब कंगाल बनाता नजर आए, भविष्यवाणी करना मुश्किल है. बीते साल नवंबर महीने में शेयर मार्केट में बंपर एंट्री लेने वाली एडटेक कंपनी फिजिक्सवाला इसका बड़ा उदाहरण है. दरअसल, कंपनी के शेयर अपने आईपीओ प्राइस की तुलना में 33% के धांसू प्रीमियम पर लिस्ट हुए थे और लिस्टिंग के बाद तेजी से उछलकर निवेशकों का मालामाल किया था. वहीं अब ये स्टॉक अपने हाई से 45% टूट चुका है और Physicswallah Stock Price आईपीओ प्राइस से भी नीचे आ चुका है.
निवेशक कर रहे फंसा हुआ महसूस
PhysicsWallah Share में गिरावट का सिलसिला जारी है और गुरुवार को भी ये शेयर करीब 3.16 फीसदी तक टूटा और गिरते हुए 88.90 रुपये के लेवल पर आ गया, जो इसके आईपीओ प्राइस से भी काफी कम है. निवेशक इस एडटेक शेयर में खुद को फंसा हुआ सा महसूस करने लगे हैं, क्योंकि इसकी शुरुआत जितनी जानदार थी, उससे ज्यादा गिरावट ने हैरान किया है.
फिजिक्सवाला शेयर 103-109 रुपये के प्राइस बैंड के साथ आईपीओ के जरिए बिक्री के लिए पेश किए गए थे. इस आईपीओ को निवेशकों का जोरदार रिस्पांस मिला था. यही नहीं इसने लिस्टिंग भी शानदार करते हुए निवेशकों का भरोसा जीत लिया था. दरअसल, BSE पर इसका शेयर अपर प्राइस बैंड की तुलना में उछलकर 143.10 रुपये, जबकि NSE पर 145 रुपये पर लिस्ट हुआ था.
लिस्टिंग के बाद भी धमाल, फिर अचानक...
न सिर्फ फिजिक्सवाला शेयर की लिस्टिंग जोरदार रही थी, बल्कि मार्केट डेब्यू के साथ ही इसने जोरदार रफ्तार दिखाई थी. इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इस स्टॉक का 52 वीक का हाई 161.99 रुपये है. लेकिन शुरुआती दौर में गदर मचाने वाला Physicswallah Stock अब निवेशकों के पसीने छुटाता हुआ नजर आ रहा है. ये शेयर अपने हाई से 45% टूट चुका है.
मार्केट वैल्यू में भी बड़ी गिरावट
शेयर में लगातार जारी गिरावट का असर कंपनी के मार्केट कैपिटलाइजेशन पर भी देखने को मिला है. लिस्टिंग के समय ये 45,975 करोड़ रुपये के आसपास था, लेकिन गुरुवार को रेड जोन में कारोबार करते हुए Physicswallah Market Cap घटकर 25,500 करोड़ रुपये रह गया. लगातार बिकवाली से हुए कंपनी को लॉस के बीच निवेशकों को समझ नहीं आ रहा कि इस शेयर को होल्ड रखें, या फिर सेल करने में भलाई है.
क्या करती है कंपनी?
Physicswallah की शुरुआत बेहद दिलचस्प है. इसे एक यूट्यूब चैनल के तौर पर शुरू किया गया था. हुरुन इंडिया रिच लिस्ट (Hurun India Rich List 2025) में शामिल 14,510 करोड़ रुपये की नेटवर्थ के मालिक अलख पांडे (Alakh Pandey) ने अपने दोस्त प्रतीक महेश्वरी के साथ मिलकर 'Physics Wallah' को शुरू किया था. ट्यूशन पढ़ाते-पढ़ाते अलख के दिमाग में इसका आईडिया आया था और 2016 में ये स्टार्टअप स्टार्ट हुआ था.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)