बिहार के सीवान जिले में शुक्रवार को पटाखों में आग लगने के बाद एक मकान में भीषण विस्फोट होने की खबर है. जामो थाना क्षेत्र के आलमापुर गांव में हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है. हालांकि, मृतकों की संख्या और उनकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
जानकारी के अनुसार, आलमापुर निवासी मो. अमीरुद्दीन मियां के मकान में पटाखे रखे हुए थे. उन्हें पटाखों का कारोबारी बताया जा रहा है. बताया जाता है कि घटना के वक्त घर के अंदर कई लोग मौजूद थे. इसी दौरान वहां रखे पटाखों में आग लग गई, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने दूसरे पटाखों को भी अपनी चपेट में ले लिया.
यह भी पढ़ें: 'शिक्षा-रोजगार मांगने पर गोली मार दी?', सीवान में घायल छात्रों से मिले राहुल गांधी, PM-CM से पूछे तीखे सवाल
आग लगने के बाद मकान में एक के बाद एक जोरदार धमाके होने लगे. विस्फोट की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि मकान के अगले हिस्से का मलबा टूटकर सीधे सड़क पर जा गिरा. इस भयावह घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. धमाकों की आवाज से स्थानीय लोग दहशत में आ गए.
लगातार दो घंटे तक सुनाई देते रहे धमाके
बताया जा रहा है कि विस्फोट के बाद करीब दो घंटे तक रह-रहकर धमाकों की आवाज सुनाई देती रही. मकान में बड़ी मात्रा में पटाखे रखे होने की वजह से आग लगने के बाद लगातार विस्फोट होने की बात सामने आई है. धमाकों के कारण मकान को भारी नुकसान पहुंचा और उसका अगला हिस्सा ढहकर सड़क पर गिर गया.
घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा रहा है कि विस्फोट में शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होने की सूचना है. इसके कारण मृतकों की पहचान करने में भी परेशानी होने की बात सामने आ रही है. हालांकि, इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.
मृतकों की संख्या और विस्फोट की वजह पर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
सीवान के जामो थाना क्षेत्र के आलमापुर गांव में हुए इस हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. शुरुआती जानकारी में सात से आठ लोगों की मौत की खबर सामने आई है, लेकिन मृतकों की वास्तविक संख्या और उनकी पहचान को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है.
फिलहाल, विस्फोट के सटीक कारणों, मृतकों की संख्या और मामले में प्रशासनिक कार्रवाई से जुड़ी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मकान में रखे पटाखों में आग लगने के बाद यह भयावह हादसा हुआ.
मामले में SP ने कही ये बात
सीवान के एसपी भारत सोनी ने बताया कि शाम 5:20 बजे जामो थाना क्षेत्र के आंद्रू पंचायत के आलमपुर गांव में विस्फोट की सूचना मिली थी. अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. ग्रामीणों और मुखिया से मिली जानकारी के मुताबिक, परिवार के सात सदस्य मकान के अंदर मौजूद थे. हालांकि, बाकी तीन लोगों के बारे में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है. लगातार रुक-रुककर हो रहे विस्फोट के कारण उनकी स्थिति की पुष्टि नहीं हो सकी है. मेडिकल टीम की जांच के बाद ही मृतकों की संख्या स्पष्ट हो पाएगी.
एसपी ने बताया कि घटनास्थल पर पुलिस, अग्निशमन, मेडिकल और बिजली विभाग की टीमें पहुंच गई हैं. एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है. सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को घेर लिया गया है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से ग्रामीणों से घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर रहने की अपील की गई है, क्योंकि मकान में रखे विस्फोटक पदार्थों के कारण लगातार धमाके हो रहे हैं.
उन्होंने कहा कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जाएगी. पुलिस यह पता लगाएगी कि पटाखे कहां से लाए गए थे और उनके कारोबार के लिए लाइसेंस था या नहीं. ग्रामीणों के मुताबिक, संबंधित परिवार के पास पुराना लाइसेंस था और वे करीब 20 साल से यह काम कर रहे थे. हालांकि, पुलिस इस जानकारी का सत्यापन करेगी.
एसपी ने बताया कि इस बार सभी सीओ और थानाध्यक्षों को लाइसेंस के सत्यापन के निर्देश दिए गए थे. इस मामले में सत्यापन के दौरान अगर कोई कमी सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.