पटना में जेल से रिहा होने के बाद रौशन आनंद जब अपनी कोचिंग संस्था ज्ञान बिंदु एकेडमी पहुंचे तो वहां छात्रों का भारी जमावड़ा देखने को मिला. बड़ी संख्या में छात्र और समर्थक अपने शिक्षक का स्वागत करने के लिए कोचिंग परिसर के बाहर एकत्र हुए.
इस दौरान माहौल काफी गर्म रहा और छात्रों ने फैजल खान के विरोध में जमकर नारेबाजी की. कोचिंग परिसर के बाहर 'फैजल खान गो बैक' के नारे गूंजते रहे. छात्रों ने रौशन आनंद के समर्थन में भी नारे लगाए और उनके प्रति अपना विश्वास जताया.
ज्ञान बिंदु एकेडमी पहुंचने के बाद रौशन आनंद ने मीडिया और छात्रों को संबोधित किया. उन्होंने अपने खिलाफ हुई कार्रवाई और हालिया घटनाक्रम पर अपनी बात रखी. रौशन आनंद ने कहा कि वह न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा रखते हैं और सच जल्द ही सबके सामने आएगा.
भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे रौशन आनंद
पटना के चर्चित ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के संचालक रौशन आनंद को बड़ी कानूनी राहत मिली है. अदालत से जमानत मिलने के बाद अब वह अपने छोटे भाई प्रिंस यादव के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकेंगे. रिहाई के बाद उनके आज सहरसा पहुंचने की संभावना है, जहां परिवार और शुभचिंतक उनका इंतजार कर रहे हैं.
प्रिंस यादव की मौत नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी. इस घटना के सामने आने के बाद से ही परिवार लगातार मौत की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग कर रहा है. परिजनों का कहना है कि प्रिंस की मौत सामान्य नहीं लगती और पूरे मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए.
मामले को लेकर विवाद उस समय और बढ़ गया, जब प्रिंस यादव के शव की कुछ तस्वीरें सामने आईं. परिवार का दावा है कि तस्वीरों में शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं. इसी आधार पर परिजन मौत के कारणों पर सवाल उठा रहे हैं और जांच एजेंसियों से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
प्रिंस की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई. सहरसा स्थित पैतृक गांव समेत आसपास के इलाकों में भी मातम का माहौल है. बड़ी संख्या में लोग परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं और घटना की सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं.