बिहार के मोतिहारी में सोशल मीडिया पर पुलिस को खुली चुनौती देने वाला एक युवक कुछ ही घंटों में सलाखों के पीछे पहुंच गया. वायरल वीडियो में युवक पुलिस कार्रवाई से नाराज दिखाई दे रहा था और कथित तौर पर हथियार उठाकर मुकाबला करने तक की बात कह रहा था. हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया.
जानकारी के अनुसार, युवक ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था. वीडियो में वह पुलिस पर उसे और उसके परिवार को परेशान करने का आरोप लगाता दिखाई दे रहा था. साथ ही उसने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि उसे बेवजह प्रताड़ित किया गया तो वह किसी को नहीं छोड़ेगा. वीडियो में उसने यह दावा भी किया कि मैं राइफल चलाना जानता हूं और हथियारों की कोई कमी नहीं है.
युवक ने वीडियो में एक स्थानीय थानाध्यक्ष सीमा कुमारी का नाम लेते हुए भी भद्दे कमेंट किए और परिणाम भुगतने की चेतावनी दी. उसने यह भी कहा कि यदि पुलिस को उससे कोई पूछताछ करनी है तो सीधे उसे बुलाया जाए, वह जांच में सहयोग करने के लिए तैयार है. हालांकि वीडियो में इस्तेमाल की गई भाषा और पुलिस को दी गई कथित धमकियों ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया.
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने लगा, जिसके बाद मोतिहारी पुलिस एक्शन में आई. पुलिस ने वीडियो की सत्यता और युवक की पहचान की जांच शुरू की. पड़ताल के दौरान युवक की पहचान सुंदरापुर निवासी सौरभ कुमार के रूप में की गई. इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून को चुनौती देने और सार्वजनिक मंच पर धमकी भरे बयान देने जैसे मामलों को हल्के में नहीं लिया जा सकता. इसी कारण वीडियो सामने आने के तुरंत बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई. गिरफ्तारी के बाद युवक का व्यवहार वीडियो में दिखाई गई आक्रामकता से बिल्कुल अलग नजर आया. स्थानीय लोगों के बीच भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और उसके बाद हुई गिरफ्तारी को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.