scorecardresearch
 

टूटी चूड़ियां, मंगलसूत्र और कुएं में 'दुल्हन' की लाश... बिहार के रोहतास में सनसनीखेज वारदात

रोहतास जिले के अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र के बाघाखोह गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब खेतों के बीच एक कुएं से नवविवाहित महिला का शव बरामद हुआ. महिला दुल्हन के कपड़ों और गहनों में थी, जबकि घटनास्थल से करीब 400 मीटर पहले टूटी चूड़ियां और मंगलसूत्र मिलने से मामला संदिग्ध हो गया.  

Advertisement
X
रोहतास में सनसनीखेज वारदात (Photo: itg)
रोहतास में सनसनीखेज वारदात (Photo: itg)

बिहार के रोहतास जिले में एक रहस्यमयी घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. खेतों के बीच बने एक कुएं से नवविवाहित महिला का शव मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि महिला दुल्हन के कपड़ों और गहनों में सजी हुई थी.

लाश से कुछ दूरी पर टूटी चूड़ियां

वहीं घटनास्थल से करीब 400 मीटर पहले पश्चिम दिशा में उसकी टूटी चूड़ियां और मंगलसूत्र मिलने से मामला और भी संदिग्ध हो गया है. प्रारंभिक जांच में यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है.

घटना रोहतास जिले के अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र के बाघाखोह गांव की है. बताया जा रहा है कि खेतों के बीच स्थित एक कुएं में ग्रामीणों ने महिला का शव देखा, जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही अकोढ़ीगोला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

कुएं में मिली 24 साल की 'दुल्हन' की लाश

पुलिस के अनुसार मृत महिला की उम्र करीब 24 साल बताई जा रही है. उसके शरीर पर दुल्हन जैसे कपड़े और कई आभूषण मौजूद थे, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह हाल ही में विवाहिता हो सकती है. हालांकि अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है.

Advertisement

घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को कुएं से लगभग 400 मीटर पहले पश्चिम दिशा में महिला की टूटी चूड़ियां और मंगलसूत्र भी मिले हैं. इन साक्ष्यों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि महिला के साथ कहीं और घटना हुई और बाद में शव को कुएं में फेंक दिया गया.

सुराग जुटा रही डॉग स्क्वाड की टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वाड की टीम को भी मौके पर बुलाया है. टीम आसपास के इलाके में सुराग जुटाने की कोशिश कर रही है. वहीं पुलिस आसपास के गांवों में महिला की पहचान कराने का भी प्रयास कर रही है ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान होने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग इस रहस्यमय मौत को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं.

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement