scorecardresearch
 

बेतिया में पुलिस पर हमला! जांच करने पहुंची टीम पर ग्रामीणों ने बरसाए ईंट-पत्थर, ASI समेत 3 घायल

बिहार के बेतिया जिले के मढिया गांव में जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हुए हमले में एसआई समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त किया गया. मामले में 16 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर बाकी की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है.

Advertisement
X
16 नामजद समेत 20 अज्ञात पर केस दर्ज.(Photo: Abhishek Pandey/ITG)
16 नामजद समेत 20 अज्ञात पर केस दर्ज.(Photo: Abhishek Pandey/ITG)

बिहार के बेतिया जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र के मढिया गांव में जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. इस घटना में एक एसआई (ASI) समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस ने मामले में 16 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.

जानकारी के अनुसार, मढिया गांव निवासी पार्वती देवी ने गांव के कुछ लोगों पर रास्ते पर अवैध कब्जा करने और आम समेत कई पेड़ काटने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी. इसी शिकायत की जांच के लिए एसआई रविशंकर प्रसाद पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे थे. पुलिस टीम मौके पर कटे हुए पेड़ों की वीडियोग्राफी कर रही थी और लोगों से पूछताछ कर रही थी.

यह भी पढ़ें: बेतिया के स्कूल में ‘अटेंडेंस गेम’!, रजिस्टर में प्रिजेंट दिखीं मैडम, असल में गायब

इसी दौरान दूसरे पक्ष के महिला और पुरुष लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंच गए. आरोप है कि उन्होंने पुलिस टीम के साथ बदसलूकी शुरू कर दी. इस दौरान महिला गार्ड संध्या कुमारी का मोबाइल भी छीन लिया गया और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई.

Advertisement

ईंट-पत्थर चलने से हिंसक हुआ मामला

देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और हमलावरों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए. इस हमले में एसआई रविशंकर प्रसाद, महिला गार्ड संध्या कुमारी और अभिषेक कुमार घायल हो गए. पुलिस टीम को मौके से निकलने में भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा.

आरोप है कि हमलावरों ने पुलिस वाहन के पहिए में कील ठोककर उसे पंक्चर कर दिया, ताकि पुलिस टीम वहां से बाहर न निकल सके. घटना की सूचना मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया गया.

एक आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी

मामले में पुलिस ने मदन राम नामक एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.

शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement