scorecardresearch
 

दरभंगा लूट के आरोपी STF से भिड़े... मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, हथियार के साथ 6 गिरफ्तार

बेगूसराय के मंसूरचक में STF और दरभंगा ज्वेलरी लूटकांड के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई. भागते समय बदमाशों ने फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में मंगल कुमार घायल हुआ. पुलिस ने मंगल समेत छह अपराधियों को गिरफ्तार कर दो पिस्तौल, नौ कारतूस और तीन बाइक बरामद कीं. घायल को सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया है.

Advertisement
X
इलाके में देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चला.(Photo: Screengrab)
इलाके में देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चला.(Photo: Screengrab)

बेगूसराय में बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और दरभंगा लूटकांड के वांटेड अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. यह मुठभेड़ मंसूरचक थाना क्षेत्र के नारायणपुर चौक पर हुई, जिसमें कुख्यात बदमाश मंगल कुमार गोली लगने से घायल हो गया. पुलिस ने मंगल कुमार सहित कुल छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से दो पिस्तौल, नौ कारतूस और तीन बाइक बरामद की गई हैं.

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को दरभंगा के प्रेम ज्वेलर्स में दिनदहाड़े 2 करोड़ रुपये से अधिक की लूट हुई थी. इस वारदात के बाद STF और स्थानीय पुलिस लगातार बदमाशों की तलाश में जुटी थी. इसी दौरान पुलिस को इनपुट मिला कि लूट में शामिल अपराधी बेगूसराय जिले के मंसूरचक थाना क्षेत्र में छिपे हुए हैं.

यह भी पढ़ें: बिहार: बेगूसराय में प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ी गई तीन बच्चों की मां, पिलर से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल

इनपुट मिलने के बाद स्पेशल टास्क फोर्स की टीम सादी वर्दी में शनिवार सुबह करीब 10 बजे नारायणपुर चौक पहुंची और एक दुकान में नाश्ता करने लगी. उसी दुकान में पहले से सात-आठ संदिग्ध बदमाश भी बैठे हुए थे.

अपराधियों को हुआ शक, शुरू हुई गोलीबारी

बताया गया कि नाश्ता खत्म होने से पहले ही अपराधियों को शक हो गया कि दुकान में मौजूद लोग STF के जवान हैं. शक होते ही अपराधी वहां से भागने लगे. STF ने उनका पीछा शुरू किया, तभी बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी. जवाब में STF की टीम ने भी गोली चलाई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

Advertisement

फायरिंग के दौरान बदमाश पास के मकई के खेत में छिप गए और वहीं से गोलीबारी जारी रखी. इसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी अभियान शुरू किया. मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश मंगल कुमार को गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस ने मौके से छह बदमाशों को गिरफ्तार किया. पकड़े गए अपराधियों की पहचान मंगल कुमार, अविनाश कुमार, गौतम कुमार, विक्की कुमार, आर्यन कुमार और मधुबनी जिले के पवन झा के रूप में हुई है.

बरामदगी और इलाज की व्यवस्था

मुठभेड़ के बाद घायल मंगल कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने घटनास्थल से दो हथियार, नौ कारतूस और तीन बाइक भी बरामद की हैं.

मुठभेड़ के बाद देर शाम तक पूरे इलाके में घेराबंदी कर सर्च अभियान चलाया गया. स्थानीय लोगों के अनुसार मुठभेड़ के दौरान करीब 5 से 6 राउंड गोली चली.

घटना की सूचना मिलते ही एसपी मनीष और तेघड़ा डीएसपी मौके पर पहुंचे. एसपी मनीष ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि दरभंगा में हुई लूट में शामिल बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई है, जिसमें मंगल कुमार को गोली लगी और छह बदमाशों को गिरफ्तार किया गया.

Advertisement

पहले की लूट में भी कबूल किया जुर्म

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मंगल कुमार ने पूछताछ में बेगूसराय जिले के तेघड़ा के हसनपुर में 24 मार्च को हुए एक्सिस बैंक के 2 लाख रुपये लूट कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य फरार बदमाशों की तलाश जारी है. इस कार्रवाई को दरभंगा लूटकांड के खुलासे की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement