'हॉरर मूवी जैसा था मंजर', भूकंप के बाद डर से अब तक कांप रहे वेनेजुएला के लोग

वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप में अब तक 164 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं. इस त्रासदी को करीब से देखने वाले एक नागरिक का कहना है कि वहां का मंजर किसी डरावनी फिल्म जैसा खौफनाक था.

Advertisement
वेनेजुएला में आए भूकंप के बाद भारत ने राहत और बचाव कार्यों में सहयोग के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं. (Photo: Reuters) वेनेजुएला में आए भूकंप के बाद भारत ने राहत और बचाव कार्यों में सहयोग के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं. (Photo: Reuters)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 25 जून 2026,
  • अपडेटेड 5:26 PM IST

बुधवार दोपहर वेनेजुएला की राजधानी कराकास के पश्चिमी हिस्से में जोरदार भूकंप के झटके महसूस किए गए. इन झटकों से कराकास में कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और वैज्ञानिकों ने दक्षिण अमेरिकी देश में बड़े पैमाने पर जान-माल के नुकसान की आशंका जताई.

यू.एस. जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, कराकास से लगभग 160 किमी (100 मील) पश्चिम में 7.2 तीव्रता का भूकंप आया. ठीक एक मिनट बाद 7.5 तीव्रता का फिर बड़ा झटका महसूस किया गया. वेनेजुएला में आए इस भूकंप में अब तक 164 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 971 लोग घायल बताए जा रहे हैं.

Advertisement

वहीं, इस बीच कराकास की रहने वाले मारिया एलेजांद्रा ने इस घटना को लेकर कहा, यहां धुएं का गुबार था जिससे कुछ दिखाई नहीं दे रहा था, नजारा किसी हॉरर फिल्म जैसा था. हमें मलबे और बाकी चीजों के ऊपर से गुजरना पड़ा. जब बचावकर्मी गिरी हुई इमारतों के मलबे की तलाशी ले रहे थे, तो दूसरे लोग यह सब देख रहे थे.

बताया जा रहा है कि अधिकारियों ने तुरंत मौतों या घायलों के बारे में कोई आधिकारिक अनुमान नहीं दिया था. यू.एस. जियोलॉजिकल सर्वे ने आशंका जताई है कि 10,000 से अधिक लोगों के मौत का खतरा बना है. हालांकि, प्रभावित क्षेत्रों से आधिकारिक आंकड़े मिलने में देरी हो रही है. इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला को हर संभव मदद देने की पेशकश की है.

वहीं, चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा कि बीजिंग जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव कार्यों में सहयोग देने के लिए तैयार है. 

Advertisement

भारत भी मदद को तैयार

वेनेजुएला में आए भूकंप के बाद भारत ने राहत और बचाव कार्यों में सहयोग के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं. सूत्रों के मुताबिक, प्रभावित इलाकों में भारी तबाही और बड़े पैमाने पर जान-माल के नुकसान की आशंका को देखते हुए भारत सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.

राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की एक विशेष टीम को वेनेजुएला भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है. जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार ने NDRF को अलर्ट मोड पर रहने और संभावित अंतरराष्ट्रीय राहत अभियान के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »