अमेरिका और ईरान के बीच का सीजफायर खत्म होने का काउंटडाउन शुरू हो गया है. इस बीच संकेत मिल रहे हैं कि सीजफायर वार्ता के लिए अमेरिका और ईरान का डेलिगेशन पाकिस्तान जाएगा.
एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, दो अधिकारियों ने पहचान उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि अमेरिका और ईरान शांति वार्ता के लिए पाकिस्तान जाएंगे. यह टिप्पणी ऐसे समय पर आई है, जब ना तो अमेरिका और ना ही ईरान ने वार्ता के समय की सार्वजनिक रूप से पुष्टि की है.
अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता करा रहे पाकिस्तान से जुड़े सूत्रों ने पुष्टि की है कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और ईरान की संसद के स्पीकर गलीबाफ बुधवार सुबह इस्लामाबाद पहुंचेंगे और अपनी-अपनी टीमों की अगुवाई करेंगे.
वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर कहा है कि ईरान के साथ एक बेहतरीन डील होने जा रही है. उन्होंने हालांकि सीजफायर बढ़ाने की संभावनाओं से इनकार किया.
ट्रंप ने सीएनबीसी को दिए इंटरव्यू में कहा कि ईरान के साथ बेहतरीन डील होगी. हम डील करने में सफल होंगे. हम ईरान के साथ वार्ता करने की मजबूत स्थिति में हैं. बेशक हमारे पास ज्यादा समय नहीं है लेकिन हम कामयाब होंगे. मैं नहीं चाहता की सीजफायर को बढ़ाया जाए.
aajtak.in