प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने स्लोवाकिया दौरे के दौरान स्लोवाक नेशनल काउंसिल के चेयरमैन रिचर्ड राशि को बिहार का पारंपरिक ठेकुआ तोहफे में दिया. इसके बाद स्लोवाक नेता ने इस खास उपहार का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है.
रिचर्ड राशि ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर शेयर किए गए वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी से मिले पारंपरिक बिहारी ठेकुआ की झलक दिखाई. वीडियो में वह खूबसूरती से सजे लकड़ी के डिब्बे को खोलते हुए नजर आते हैं. उन्होंने इस उपहार को सामान्य कूटनीतिक तोहफों से अलग बताया.
वीडियो में डिब्बा खोलने के बाद रिचर्ड राशि ने ठेकुआ को ध्यान से देखा. इसके बाद उसकी बनावट की तारीफ करने लगे. उन्होंने कहा कि इसे देखकर ही इसके स्वाद का अंदाजा लगाया जा सकता है. इसके बाद उन्होंने ठेकुआ चखने के बाद अपनी प्रतिक्रिया भी दी. उन्होंने इसकी जमकर तारीख की है.
रिचर्ड राशि ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने स्लोवाकिया दौरे के दौरान बिहार से पारंपरिक कुकीज लेकर आए थे. उन्होंने बताया कि इस मिठाई का गहरा सांस्कृतिक महत्व है और यह उन्हें स्लोवाकिया की पारंपरिक मिठाइयों की याद दिलाती है. दरअसल, ठेकुआ बिहार का पारंपरिक व्यंजन है.
ये खासतौर पर छठ पूजा जैसे धार्मिक पर्व से जुड़ा हुआ है. गेहूं के आटे, गुड़ या चीनी और घी से तैयार किया जाने वाला यह डीप-फ्राइड पकवान अपने खास स्वाद, कुरकुरे टेक्सचर और सजावटी डिजाइन के लिए जाना जाता है. राशि ने कहा कि दोनों देशों के पारंपरिक व्यंजनों में कई समानताएं हैं.
उनके मुताबिक भोजन सिर्फ स्वाद का नहीं, बल्कि संस्कृतियों को जोड़ने का भी प्रभावी जरिया है. उन्होंने कहा कि कूटनीति सिर्फ औपचारिक बैठकों, हाई-लेवल रिसेप्शन और राजनीतिक चर्चाओं तक सीमित नहीं होती. कई बार पारंपरिक भोजन भी माहौल बनाने में बड़ी भूमिका निभाते हैं.
स्लोवाक नेता ने कहा कि PM मोदी की ओर से मिला ठेकुआ भारत की संस्कृति और परंपरा की एक खूबसूरत याद है. उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आदान-प्रदान लोगों और देशों को एक-दूसरे के और करीब लाने का काम करते हैं. वीडियो शेयर करते हुए राशि ने अपनी पोस्ट का कैप्शन भी लिखा.
उन्होंने कहा, "डिप्लोमेसी का मतलब छोटे-छोटे इशारे भी हैं, जो लोगों को करीब लाते हैं." PM मोदी ने उन्हें बिहार का पारंपरिक ठेकुआ भेंट किया था. वहीं उन्होंने भारतीय प्रधानमंत्री को हिंदी में लिखे स्लोवाक स्पा वेफर्स उपहार स्वरूप दिए. प्रधानमंत्री मोदी ने जून में स्लोवाकिया का दौरा किया था.
aajtak.in