'इंडिया में आपका गर्मजोशी से स्वागत है...' PM मोदी ने बांग्लादेश के पीएम तारिक रहमान को भारत आने का दिया न्योता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को परिवार समेत भारत आने का न्यौता दिया है. तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में ढाका पहुंचे स्पीकर ओम बिरला ने बांग्लादेश के पीएम को नरेंद्र मोदी की चिट्ठी सौंपी.

Advertisement
PM मोदी ने तारिक रहमान को जीत की बधाई भी दी थी. (Photo: ITG) PM मोदी ने तारिक रहमान को जीत की बधाई भी दी थी. (Photo: ITG)

प्रणय उपाध्याय

  • नई दिल्ली,
  • 17 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 9:20 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश के नए-नए पीएम तारिक रहमान और उनके परिवार को भारत की आधिकारिक यात्रा के लिए निमंत्रण दिया है. नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को आपसी सहमति से तय समय पर भारत आने का न्योता दिया है. मंगलवार को BNP नेता तारिक रहमान ने बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली है. भारत की ओर से इस शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ढाका गए थे. 

Advertisement

पीएम मोदी ने ओम बिरला के माध्यम से एक पत्र तारिक रहमान को सौंपा था. लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने  17 फरवरी को ढाका में तारिक रहमान की शपथ ग्रहण समारोह के बाद उनसे मुलाकात की और उन्हें PM मोदी की चिट्ठी सोंपी.

तारिक रहमान ने बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की भारी बहुमत से जीत के बाद प्रधानमंत्री पद की शपथ ली है. बीएनपी ने हाल ही में संपन्न संसदीय चुनाव में 297 सीटों में से 209 सीटें जीतीं हैं. 

मोदी ने पत्र में लिखा है, "मैं इस मौके पर आपको डॉ. जुबैदा रहमान और आपकी बेटी ज़ैमा के साथ आपसी सहमति से तय समय पर भारत आने का न्योता देता हूं, भारत में आपका गर्मजोशी से स्वागत है."

प्रधानमंत्री मोदी ने तारिक रहमान को चुनावों में जीत की बधाई देते हुए कहा है कि आपकी जीत बांग्लादेश के लोगों के आपके लीडरशिप पर दिखाए गए भरोसे और विश्वास का सबूत है. साथ ही यह देश को शांति,स्थिरता और खुशहाली के रास्ते पर आगे ले जाने के आपके विज़न के लिए उनके जनादेश का भी परिचायक है. 

Advertisement

पीएम मोदी ने कहा कि दो करीबी पड़ोसियों के तौर पर भारत और बांग्लादेश के बीच गहरी दोस्ती है जो साझा इतिहास, सांस्कृतिक संबंधों और हमारे लोगों की शांति और खुशहाली की उम्मीदों पर आधारित है. हमारी अपनी-अपनी विकास संबंधी प्राथमिकताओं के बीच मजबूत तालमेल हमारे भविष्य के सहयोग के लिए एक गाइडिंग प्रिंसिपल का काम करेगा.

प्रधानमंत्री मोदी ने बांग्लादेश के साथ संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाने की बात करते हुए कहा है कि मैं आपके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं ताकि हमारे कई तरह के आपसी रिश्तों को मज़बूत किया जा सके, इलाके में सहयोग बढ़ाया जा सके, और कनेक्टिविटी, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट, एनर्जी, हेल्थकेयर, साथ ही सांस्कृतिक और लोगों के बीच मेलजोल जैसे बड़े क्षेत्रों में हमारे साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाया जा सके. 

पीएम ने कहा कि दो तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं और उभरते हुए समाजों के तौर पर, भारत और बांग्लादेश सच में एक-दूसरे की लगातार ग्रोथ के लिए उत्प्रेरक बन सकते हैं, एक-दूसरे की सुरक्षा के लिए काम कर सकते हैं और आपसी खुशहाली ला सकते हैं. 
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement