पाकिस्तान के पेशावर से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. दिर कॉलोनी में कॉलेज रोड स्थित एक निजी स्कूल की छत अचानक ढह गई. घटना के वक्त बच्चे और स्टाफ मौजूद थे. छत गिरते ही कई लोग मलबे के नीचे दब गए. इस हादसे में कम से कम 27 बच्चों समेत एक महिला टीचर की जान चली गई, जबकि कई बच्चे घायल हो गए.
घटना की जानकारी मिलने पर रेस्क्यू 1122 की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद बचावकर्मियों ने मलबा हटाकर बच्चों और स्कूल स्टाफ को बाहर निकालना शुरू किया. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
जानकारी के मुताबिक, अस्पताल में कम से कम 27 बच्चों को मृत हालत में लाया गया. इनमें एक महिला टीचर भी शामिल थी. अधिकारियों ने बताया कि जान गंवाने वाले सभी बच्चे 13 साल या उससे कम उम्र के थे. हादसे में कई बच्चे घायल हुए हैं. इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद अस्पताल में इमरजेंसी घोषित कर दी गई और घायलों के इलाज के लिए मेडिकल स्टाफ को अलर्ट किया गया.
मलबे में जिंदगी तलाशते रहे बचावकर्मी
स्कूल की छत गिरने के बाद राहत अभियान में सेना के जवान भी शामिल हुए. इस दौरान बचावकर्मी और दूसरी राहत एजेंसियों की टीमें मलबे में फंसे बच्चों और स्कूल स्टाफ को बाहर निकालने का काम जारी रखा. फिलहाल हादसे की असली वजह सामने नहीं आई है.
इस हादसे ने कई परिवारों से उनके मासूम बच्चे छीन लिए. स्कूल की छत के नीचे दबकर बच्चों की मौत ने सुरक्षा और स्कूल भवनों की हालत पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
aajtak.in