डूरंड लाइन पर तालिबान मजबूत, पाकिस्तान आर्मी के 19 पोस्ट कब्जाए... जानें ग्राउंड पर क्या हैं हालात

अफगान बॉर्डर फोर्स के प्रवक्ता ओबैदुल्लाह फारूकी ने आजतक से बातचीत में दावा किया है कि दर्जनों पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं. अफगान रक्षा मंत्रालय ने भी पाकिस्तानी चौकियों पर भारी गोलाबारी की बात कही है. डुरंड लाइन पर दोनों ओर सैन्य तैनाती बढ़ने से सीमा पर तनाव और गहरा गया है.

Advertisement
पाकिस्तान-अफगानिस्तान में जंग जैसे हालात पैदा हो गए हैं. (Photo- ITG) पाकिस्तान-अफगानिस्तान में जंग जैसे हालात पैदा हो गए हैं. (Photo- ITG)

अरविंद ओझा / सुबोध कुमार

  • नई दिल्ली,
  • 27 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 10:42 AM IST

पाकिस्तान ने शुक्रवार तड़के काबुल और अफगानिस्तान के दो अन्य प्रांतों में हवाई हमले किए. यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई जब कुछ घंटे पहले ही अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर सीमा पार हमला किया था. काबुल में कम से कम तीन धमाकों की आवाज सुनी गई, लेकिन हमलों की सटीक जगह और किसी के हताहत होने की तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी है. इस बीच अफगान तालिबान की तरफ से डूरंड लाइन के आसपास स्थित पाकिस्तान सेना के दो बेस समेत 19 पोस्ट पर कब्जे का दावा किया गया है.

Advertisement

आजतक ने अफगानिस्तान बॉर्डर फोर्स (ABP) के प्रवक्ता ओबैदुल्लाह फारूकी से बातचीत की. उन्होंने दावा किया कि अफगान बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान पर हमला किया है. उनके मुताबिक, अब तक 53 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे जा चुके हैं. फारूकी ने कहा, "हमारी फोर्सज ने बदला लेने के लिए पाकिस्तान पर हमला किया है. हमारी फोर्सज का मनोबल बहुत ऊंचा है और हम अपने देश की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं. किसी भी आक्रामक कार्रवाई का हम करारा जवाब देंगे."

यह भी पढ़ें: अफगान बॉर्डर में घुसते ही PAK फाइटर जेट का काम तमाम, मुनीर आर्मी को तालिबान की तगड़ी चोट

अब बताया जा रहा है कि पाकिस्तान-अफगानिस्तान की तरफ से डुरंड लाइन पर भारी सैन्य तैनाती की जा रही है. बताया जा रहा है कि तालिबान फोर्सेज बख्तरबंद वाहनों, मशीन गन और भारी हथियारों के साथ डूरंड लाइन की तरफ बढ़ रही है. तालिबानी फोर्सेज आमतौर पर गुरिल्ला टेक्नीक का इस्तेमाल करती है. अक्टूबर 2025 में हुई हिंसा में भी डूरंड लाइन पर तालिनानी सेना की मजबूत स्थिति देखी गई थी.

Advertisement

इस बीच अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि कुछ दिन पहले पाकिस्तानी सेना ने अफगान क्षेत्र में घुसपैठ कर महिलाओं और बच्चों को निशाना बनाया था. इसी के जवाब में शुक्रवार रात पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी इलाकों में स्थित पाकिस्तानी सैन्य चौकियों पर भारी गोलाबारी की गई.

अफगानिस्तान के 19 पाकिस्तानी पोस्ट पर कब्जे का दावा

अफगान पक्ष का दावा है कि करीब चार घंटे चली इस लड़ाई में 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए. साथ ही दो सैन्य बेस और 19 चौकियों पर कब्जा कर लिया गया. बयान के मुताबिक पक्तिका, पक्तिया, खोस्त, नंगरहार, कुनार और नूरिस्तान प्रांतों के पास डुरंड लाइन पर ये हमले किए गए.

यह भी पढ़ें: LIVE: जंग में 55 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत, 19 पोस्ट पर तालिबान का कब्जा... पाकिस्तान ने भी काबुल-कंधार में किए एयरस्ट्राइक

अफगान रक्षा मंत्रालय ने यह भी कहा कि ऑपरेशन के दौरान कई हल्के और भारी हथियार, गोला-बारूद और सैन्य उपकरण जब्त किए गए. एक टैंक को नष्ट करने और एक बड़े सैन्य वाहन को कब्जे में लेने का भी दावा किया गया है. मंत्रालय के अनुसार, आठ अफगान लड़ाके मारे गए और 11 घायल हुए हैं. हालांकि इन दावों की पाकिस्तान की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

Advertisement

अफगान तालिबान के दावे पर क्या बोल रहा पाकिस्तान?

पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने कहा कि इस झड़प में पाकिस्तान के दो सैनिक मारे गए और तीन घायल हुए हैं. उन्होंने दावा किया कि 36 अफगान लड़ाके भी मारे गए. एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान की तरफ से बिना उकसावे की गई फायरिंग का पाकिस्तान “मजबूत और प्रभावी जवाब” दे रहा है.

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मुशर्रफ अली जैदी ने इन खबरों को खारिज किया कि कोई पाकिस्तानी सैनिक पकड़ा गया है. बाद में उन्होंने एक्स पर लिखा कि कम से कम 133 अफगान लड़ाके मारे गए और 200 से ज्यादा घायल हुए. उन्होंने यह भी दावा किया कि 27 अफगान चौकियां नष्ट कर दी गईं और नौ लड़ाकों को पकड़ लिया गया. हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि ये लोग कहां मारे गए. उन्होंने कहा कि काबुल, पक्तिया और कंधार के सैन्य ठिकानों पर हमलों में और भी ज्यादा हताहत होने का अनुमान है.

कई महीनों से पाकिस्तान-अफगानिस्तान में तनाव

दोनों देशों के बीच कई महीनों से तनाव बना हुआ है. अक्टूबर में हुई सीमा झड़पों में दर्जनों सैनिक, नागरिक और संदिग्ध उग्रवादी मारे गए थे. इससे पहले काबुल में हुए धमाकों के लिए अफगान अधिकारियों ने पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया था. जवाब में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के अंदर तक हवाई हमले किए थे.

Advertisement

यह भी पढ़ें: पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने अफगान तालिबान के खिलाफ Open War का किया ऐलान, दोनों ओर ताबड़तोड़ हमले

कतर की मध्यस्थता से दोनों देशों के बीच युद्धविराम हुआ था, जो ज्यादातर कायम है. फिर भी बीच-बीच में सीमा पर गोलीबारी होती रही है. नवंबर में शांति वार्ता के कई दौर हुए, लेकिन कोई औपचारिक समझौता नहीं हो सका. रविवार को पाकिस्तान की सेना ने सीमा के पास हमले किए और कहा कि कम से कम "70 उग्रवादियों को मार गिराया" गया है.

अफगानिस्तान ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि इन हमलों में कई नागरिक मारे गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे. अफगान रक्षा मंत्रालय ने कहा कि पूर्वी अफगानिस्तान के कई नागरिक इलाकों, एक मदरसे और कई घरों को निशाना बनाया गया. मंत्रालय ने इसे अफगानिस्तान की हवाई सीमा और संप्रभुता का उल्लंघन बताया था और जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी थी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »