पाकिस्तान और अफगानिस्तान बॉर्डर पर तनाव जारी है. पाकिस्तान ने 26 फरवरी को 'ऑपरेशन गजब लिल-हक' लॉन्च किया था. पिछले महीने शुरू किए गए इस सैन्य अभियान में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने अब तक 583 अफगान तालिबान लड़ाकों को मार गिराया है.
पाकिस्तान की तरफ से ये कार्रवाई तब की गई जब अफगान तालिबान ने सीमा पर 53 अलग-अलग स्थानों पर हमले किए थे. पाकिस्तान का कहना है कि ये अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक सीमा पार से होने वाले आतंकवाद का खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हो जाता.
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने सोशल मीडिया पर इस ऑपरेशन का अपडेट दिया है. उन्होंने बताया कि तालिबान को भारी जान-माल का नुकसान हुआ है. तरार के मुताबिक, अब तक 583 लड़ाके मारे गए हैं और 795 घायल हुए हैं.
242 चेक पोस्ट तबाह
पाकिस्तानी सेना ने सैन्य कार्रवाई के दौरान तालिबान की 242 चेक पोस्ट तबाह करने का दावा भी किया है. इसके अलावा 38 अन्य पोस्ट पर कब्जा करने के बाद उन्हें भी तबाह कर दिया गया. तरार ने ये भी दावा किया कि तालिबान के 213 टैंक, बख्तरबंद गाड़ियां और तोपें नष्ट कर दी गई हैं. उन्होंने अफगानिस्तान के 64 ठिकानों को हवाई हमलों के जरिए निशाना बनाने की बात कही.
घुसपैठ की कोशिश नाकाम
इसी बीच, चमन सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के तीन आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया. सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच हुई गोलीबारी में एक आतंकी मारा गया, जबकि दो अन्य घायल होकर फरार हो गए. मारे गए आतंकी के पास से विस्फोटक (IED) और कटीली तार काटने के उपकरण बरामद हुए हैं.
यह भी पढ़ें: अफगान-PAK संघर्ष: '5 दिन में मारे PAK के 150 सैनिक... 40 पोस्ट पर किया कब्जा', तालिबान का दावा
सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को उत्तरी वजीरिस्तान में की गई एयर स्ट्राइक्स में अफगान तालिबान की कई और चौकियां तबाह हो गईं.
aajtak.in