भीषण हमले के बाद ईरान ने अचानक रोका सैन्य अभियान, इजरायल को दिया बड़ा अल्टीमेटम

इजरायल और ईरान में सैन्य तनाव के बीच तेहरान ने बड़ा ऐलान किया है. ईरानी सेना ने इजरायल के खिलाफ अपना सैन्य अभियान रोकने की घोषणा करते हुए दावा किया कि उसने लेबनान के समर्थन में 'दर्दनाक जवाब' दिया है. हालांकि ईरान ने साथ ही चेतावनी भी दी है कि यदि इजरायल ने दोबारा हमले शुरू किए तो उसका जवाब पहले से कहीं ज्यादा सख्त होगा.

Advertisement
ईरान-इजरायल संघर्ष के बीच भारत ने किया अलर्ट, नागरिकों से कहा- गैर जरूरी यात्रा से बचें. (Photo: X/@IRGC) ईरान-इजरायल संघर्ष के बीच भारत ने किया अलर्ट, नागरिकों से कहा- गैर जरूरी यात्रा से बचें. (Photo: X/@IRGC)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 08 जून 2026,
  • अपडेटेड 5:59 PM IST

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने इजरायल के खिलाफ चल रहे अपने सैन्य अभियान को अचानक रोकने का ऐलान किया है. इसके साथ ही तेहरान ने चेतावनी दी है कि यदि इजरायल ने लेबनान या किसी अन्य क्षेत्र में फिर से आक्रामक कार्रवाई की तो उसका जवाब पहले से कहीं अधिक कठोर और विनाशकारी होगा.

फार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक, ईरान के खतम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर ने घोषणा की है कि इजरायल के खिलाफ सैन्य ऑपरेशन समाप्त किया जा रहा है. ईरानी सेना ने दावा किया कि लेबनान के दबे-कुचले लोगों के समर्थन में जायोनी शासन को एक दर्दनाक जवाब दिया जा चुका है और फिलहाल सैन्य अभियान रोक दिया गया है.

Advertisement

सोमवार को जारी बयान में ईरानी सैन्य नेतृत्व ने कहा कि दो महीने पहले अमेरिका की मध्यस्थता में हुए संघर्ष विराम के बाद पहली बार इजरायल और ईरान के बीच सीधे सैन्य हमले देखने को मिले. इस ताजा टकराव ने पूरे पश्चिम एशिया को फिर से बड़े पैमाने के युद्ध की आशंका के मुहाने पर ला खड़ा किया है.

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने कहा कि उनकी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता देश की राष्ट्रीय सुरक्षा और नागरिकों की शांति सुनिश्चित करना है. उन्होंने कहा कि ईरान अपने अधिकारों और राष्ट्रीय हितों की रक्षा पूरी ताकत के साथ करेगा और किसी भी खतरे या दबाव के सामने पीछे नहीं हटेगा.

पेजेशकियन ने जोर देकर कहा कि कूटनीति और रक्षा, राष्ट्रीय शक्ति के दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं. उन्होंने कहा कि ईरान ने न तो मैदान छोड़ा है और न ही बातचीत की मेज. राष्ट्रपति ने भरोसा जताया कि एकता, धैर्य और समझदारी के बल पर ईरान इस कठिन दौर से भी सफलतापूर्वक बाहर निकलेगा.

Advertisement

वहीं, ईरान के संयुक्त कमान ने कहा कि यदि इजरायल या उसके समर्थक दक्षिणी लेबनान समेत किसी भी क्षेत्र में आक्रामक और शत्रुतापूर्ण कार्रवाई करते हैं, तो तेहरान पहले से कहीं ज्यादा सख्त कदम उठाएगा. ईरानी सेना का यह बयान ऐसे समय आया है जब दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है.

दरअसल, रविवार शाम से ईरान ने इजरायल के कई हिस्सों पर दर्जनों मिसाइलें दागीं. यह हमला उस वक्त हुआ जब इजराइल ने बिना किसी पूर्व चेतावनी के बेरूत के दक्षिणी इलाकों पर सैन्य कार्रवाई कर दी. ईरानी मिसाइल हमलों के बाद इजरायल ने भी सेंट्रल और वेस्टर्न ईरान के कई ठिकानों को निशाना बनाया.

इसी बीच भारत सरकार ने भी अपने नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी कर दी है. भारत ने सोमवार को इजरायल और ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों से अत्यधिक सतर्कता बरतने, लगातार चौकन्ना रहने और दोनों देशों की सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचने को कहा है. इसके संबंध में 'एक्स' पर पोस्ट जारी किया गया है.

ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि क्षेत्र में तेजी से बदलते सुरक्षा हालात को देखते हुए भारतीय नागरिक ईरान की यात्रा करने से बचें. दूतावास ने ईरान में मौजूद भारतीयों को उपलब्ध परिवहन साधनों के जरिए जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह भी दी है. उधर तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास ने भी सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं. 

Advertisement

भारतीय दूतावास ने कहा कि इजरायल में रह रहे सभी भारतीय नागरिक होम फ्रंट कमांड की ओर से जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करें. मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए नागरिकों को अत्यधिक सावधानी बरतनी चाहिए. वे सुरक्षित शेल्टर के पास रहें. आसपास मौजूद सबसे सुरक्षित स्थानों की जानकारी जुटा लें.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »