भारत और अमेरिका के बीच क्रिटिकल मिनरल्स को लेकर एक बड़ा समझौता जल्द हो सकता है. भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा है कि दोनों देश इस अहम डील को अंतिम रूप देने के बहुत करीब पहुंच चुके हैं.
नई दिल्ली में आयोजित India Today Conclave 2026 में बोलते हुए उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच सहयोग का एक बहुत महत्वपूर्ण क्षेत्र क्रिटिकल मिनरल्स है. उनके मुताबिक इन खनिजों की मजबूत और भरोसेमंद सप्लाई चेन किसी भी देश की आर्थिक तरक्की और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए जरूरी होती है.
सर्जियो गोर ने कहा कि भारत और अमेरिका इस समझौते को लगभग अंतिम चरण तक ले आए हैं. उन्होंने बताया कि यह डील एडवांस मैन्युफैक्चरिंग, ऊर्जा प्रणालियों और नई तकनीकों के लिए जरूरी कच्चे माल की सप्लाई को सुरक्षित करने में मदद करेगी.
सर्जियो गोर ने यह भी कहा कि आने वाले कुछ महीनों में इस समझौते को लेकर बड़ा ऐलान किया जा सकता है. गोर के मुताबिक इस दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है और जल्द ही दोनों देश आधिकारिक घोषणा कर सकते हैं
दरअसल क्रिटिकल मिनरल्स आज की आधुनिक तकनीक के लिए बेहद जरूरी माने जाते हैं. इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरी, सोलर पैनल, सेमीकंडक्टर, रक्षा उपकरण और कई नई तकनीकों के निर्माण में इन खनिजों का इस्तेमाल होता है. इसलिए दुनिया के कई देश इनकी सप्लाई सुरक्षित करने पर जोर दे रहे हैं.
अगर क्रिटिकल मिनरल्स पर यह समझौता हो जाता है, तो इससे भारत और अमेरिका के आर्थिक और रणनीतिक रिश्ते और मजबूत होंगे. साथ ही इससे वैश्विक सप्लाई चेन को भी ज्यादा सुरक्षित बनाने में मदद मिल सकती है.
कौन हैं सर्जियो गोर?
सर्जियो गोर इस समय भारत में अमेरिका के राजदूत के रूप में काम कर रहे हैं. इसके साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने उन्हें दक्षिण और मध्य एशिया के लिए विशेष दूत भी नियुक्त किया है. इससे पहले गोर व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति के सहायक और डायरेक्टर ऑफ प्रेसिडेंशियल पर्सनल के पद पर काम कर चुके हैं. उनके कार्यकाल के दौरान संघीय सरकार में हजारों राजनीतिक नियुक्तियां रिकॉर्ड समय में पूरी की गई थीं.
व्हाइट हाउस से पहले सर्जियो गोर ने ट्रंप के साथ मिलकर विनिंग टीम पब्लिशिंग नाम की एक प्रकाशन संस्था की स्थापना की थी, जिसे अमेरिका के प्रमुख कंजरवेटिव पब्लिशिंग प्लेटफॉर्म्स में गिना जाता है. इसी संस्था ने डोनाल्ड ट्रंप की कई बेस्टसेलर किताबें भी प्रकाशित की हैं. सर्जियो गोर ने जियोर्ज वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट हैं और अमेरिकी राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे हैं.
aajtak.in