अमेरिका: वॉशिंगटन के होटल में अंधाधुंध फायरिंग, डिनर में शामिल होने वाले थे ट्रंप, सीक्रेट सर्विस ने सुरक्षित निकाला

वॉशिंगटन डीसी में 'व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर' के दौरान गोलीबारी की घटना सामने आई है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सीक्रेट सर्विस ने तुरंत मंच से सुरक्षित बाहर निकाला. होटल में मची अफरा-तफरी के बीच सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए हमलावर को पकड़ लिया.

Advertisement
जिस समय फायरिंग हुई उस समय ट्रंप डिनर हॉल में मौजूद थे (Photo-AP) जिस समय फायरिंग हुई उस समय ट्रंप डिनर हॉल में मौजूद थे (Photo-AP)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 26 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 9:02 AM IST

अमेरिकी राजधानी वाशिंगटन में उस वक्त हड़कंप मच गया जब 'व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर' (WHCA) के दौरान गोलियों की आवाज सुनाई दी. वॉशिंगटन हिल्टन होटल में आयोजित इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शामिल होने वाले थे. इसे सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है. घटना के बाद हमलावर को पकड़ लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है.

Advertisement

इस कार्यक्रम में ट्रंप के साथ उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप भी थीं. यूएस सीक्रेट सर्विस की तरफ से बयान जारी करते हुए कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप, उप राष्ट्रपति जेडी वेंस, मेलानिया ट्रंप और पूरी कैबिनेट को वहां से निकाला गया और सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं.

गोलीबारी की घटना बॉलरूम के ठीक ऊपर वाले कमरे में हुई, आवाज सुनते ही सीक्रेट सर्विस के जवानों ने तुरंत राष्ट्रपति ट्रंप को घेर लिया और मंच से सुरक्षित बाहर निकाला. फायरिंग का जो वीडियो सामने आया है उसमें देखा जा सकता है कि फायरिंग ट्रंप के सामने ही हुई. ट्रंप मंच पर बैठे हैं और अचानक फायरिंग होती है और तुरंत सुरक्षाकर्मी उन्हें घेर लेते हैं. कई लोग टेबल के नीचे छिप जाते हैं.

डिनर में शामिल 2,600 लोगों में से कई ने छिपकर अपनी जान बचाई, जबकि वेटर भागकर डाइनिंग हॉल के अगले हिस्से में चले गए.

Advertisement

यह भी पढ़ें: ट्रंप के डिनर रूम तक हथियार लेकर कैसे पहुंचा शूटर? होटल में कैसी थी सुरक्षा

फायरिंग की आवाज सुनते ही होटल में अफरा-तफरी मच गई और पत्रकारों एवं मेहमानों को जान बचाने के लिए मेजों के नीचे छिपना पड़ा. सुरक्षा एजेंसियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल को खाली कराया और संदिग्ध हमलावर को मौके पर पकड़ लिया गया है. राष्ट्रपति ट्रंप पूरी तरह सुरक्षित हैं.

फायरिंग के दौरान ट्रंप इसी हॉल के मंच पर बैठे थे. (Photo: Screengrab)

ट्रंप का पोस्ट

गोलीबारी की घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया हैंडल ट्रूथ पर पोस्ट करते हुए लिखा, "डीसी में आज की शाम काफी गहमागहमी भरी रही. सीक्रेट सर्विस और सुरक्षा एजेंसियों ने शानदार तरीके से अपना काम किया. उन्होंने बहुत ही बहादुरी और फुर्ती दिखाई. शूटर को पकड़ लिया गया है.  मैंने सिफारिश की है कि हमें 'कार्यक्रम जारी रखना चाहिए लेकिन हम पूरी तरह से सुरक्षा एजेंसियों के हिसाब से आगे का फैसला लेंगे. फैसला जो भी हो, यह शाम उम्मीद के मुताबिक नहीं रही और हमें इसे फिर से आयोजित करना होगा."

इस घटना के बाद पूरे हिल्टन होटल और उसके आसपास के इलाके को सुरक्षाकर्मियों ने घेर लिया और होटल को पूरी तरह खाली करा दिया. सुरक्षाकर्मी हर फुटेज की जांच कर रहे हैं. ट्रंप  और मेलानिया ट्रंप को सुरक्षित  व्हाइट हाउस ले जाया गया है.

Advertisement

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement