अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आगामी 2028 के चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है. ट्रंप ने यह बात बुधवार, 3 जून को मिरांडा डिवाइन के पॉडकास्ट इंटरव्यू में कहा कि अगर उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रूबियो एक साथ मिलकर चुनाव लड़ते हैं, तो उन्हें हराना नामुमकिन होगा.
पोड फोर्स वन/न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'मुझे नहीं पता कि अगर ये दोनों एक साथ आ जाएं, तो इन्हें कोई कैसे हरा पाएगा.' वेंस और रूबियो दोनों को 2028 में रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद का मजबूत दावेदार माना जा रहा है.
फिलहाल, जेडी वेंस और रूबियो दोनों ही खुलकर चुनाव लड़ने की बात नहीं कर रहे हैं. लेकिन ट्रंप लगातार मीडिया में उनके नामों की चर्चा कर रहे हैं. इस वक्त अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध चल रहा है, जिससे जनता खुश नहीं है. ऐसी मुश्किल घड़ी में भी ये दोनों नेता लगातार ट्रंप सरकार का बचाव कर रहे हैं.
सुर्खियों में रूबिया...
हाल ही में व्हाइट हाउस की प्रेस ब्रीफिंग में रूबियो के प्रदर्शन की रिपब्लिकन नेताओं के साथ-साथ कुछ डेमोक्रेट नेताओं ने भी तारीफ की थी. ईरान के साथ बातचीत के मुद्दे पर उन्होंने जिस तरह जवाब दिए, उसकी काफी चर्चा हुई. उन्होंने ईरान की स्थिति को समझाने के लिए चुटकुलों और 1990 के दशक के हिप-हॉप का भी जिक्र किया था. वेंस और रूबियो हाल के दिनों में बारी-बारी से व्हाइट हाउस की ब्रीफिंग में नजर आए हैं. दोनों नेताओं ने ईरान युद्ध समेत कई मुद्दों पर ट्रंप सरकार का बचाव किया और मीडिया के सवालों के जवाब दिए.
दरअसल, नवंबर 2028 में अमेरिका में राष्ट्रपति का चुनाव होना है. अभी तक किसी भी नेता ने खुलकर या पक्के तौर पर यह नहीं कहा है कि रूबियो चुनाव लड़ेंगे. लेकिन नेताओं के बीच अंदर ही अंदर तैयारियां शुरू हो चुकी है. डेमोक्रेटिक पार्टी के जो नेता चुनाव लड़ना चाहते हैं, वे अभी से माहौल बनाने और खुद को मजबूत करने में लग गए हैं. इससे एक बात साफ है कि रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बाद अगला बड़ा नेता कौन होगा, यह अभी बिल्कुल तय नहीं है. यह मुकाबला पूरी तरह खुला है और कोई भी बाजी मार सकता है.
क्या है पूरा मामला?
अमेरिकी संविधान के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप 2028 में लगातार तीसरी बार राष्ट्रपति पद का चुनाव नहीं लड़ सकते. ऐसे में रिपब्लिकन पार्टी में उनके उत्तराधिकारी को लेकर चर्चा तेज हो गई है. जेडी वेंस और मार्को रूबियो को पार्टी के सबसे मजबूत चेहरों में गिना जा रहा है. वेंस यूएस के मौजूदा उपराष्ट्रपति हैं, जबकि रूबियो विदेश मंत्री के रूप में ट्रंप प्रशासन की विदेश नीति का नेतृत्व कर रहे हैं.
वहीं, डेमोक्रेटिक पार्टी में भी कई नेता चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं. अभी तक किसी भी पार्टी ने अपना उम्मीदवार तय नहीं किया है. ट्रंप का यह बयान ऐसे वक्त में आया है, जब उनके बाद पार्टी का चेहरा कौन होगा, इस पर लगातार चर्चा चल रही है.
aajtak.in