'मार-ए-लागो' स्पैनिश भाषा के इस शब्द का अर्थ है समुद्र से झील तक. इसे अमेरिका के सबसे आलीशान निजी क्लबों में गिना जाता है. इस क्लब का मालिक होने पर डोनाल्ड ट्रंप को बहुत गर्व है. यहां संगमरमर के फर्श, सोने की सजावट, विशाल झूमर, बेशकीमती कलाकृतियां और यूरोपीय शाही महलों जैसी वास्तुकला देखने को मिलती है. इसके भव्य बॉलरूम में बड़े समारोह होते हैं, जबकि समुद्र के किनारे बने परिसर में स्विमिंग पूल, टेनिस कोर्ट और निजी बीच जैसी सुविधाएं हैं. यहां खाना-पीना रॉयल एहसास है, लेकिन ये उतना ही महंगा है. यह सिर्फ रिसॉर्ट नहीं, बल्कि अमेरिकी अरबपतियों और राजनीतिक रसूखदारों की खास दुनिया का प्रतीक है.
लेकिन हम इसका जिक्र क्यों कर रहे हैं? दरअसल मिडटर्म चुनाव के लिए प्रचार कर रहे ट्रंप ने अपने मतदाताओं के सामने 'मार-ए-लागो' का जिक्र कर अपनी रईसी बताई साथ ही अपने मतदाताओं का मजाक उड़ाते हुए कहा कि अगर तुम्हारे पास सिर्फ 5000 डॉलर ही है तो इस रिसॉर्ट में मत आना, क्योंकि यहां इतने पैसे में एक बर्गर भी मिलेगा या नहीं बताना मुश्किल है.
बता दें कि ट्रंप ने अमेरिकियों को 5000 डॉलर देने का वादा किया है. 5 हजार डॉलर को रुपये में बदलें तो लगभग पौने पांच लाख रुपये होते हैं.
ट्रंप ने यह टिप्पणी ऐसे वक्त में की है, जब अमेरिका में महंगाई और आम लोगों की खरीदारी क्षमता अगले चुनाव का बड़ा मुद्दा बन चुकी है. दिलचस्प बात यह रही कि टेक्सास के कॉर्पस क्रिस्टी में मंगलवार को हुई रैली में उनकी इस टिप्पणी पर समर्थक हंसते और तालियां बजाते नजर आए.
ट्रंप ने वादा किया है कि अगर रिपब्लिकन पार्टी प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में अपना कंट्रोल बरकरार रखती है, तो हर अमेरिकी वयस्क को 5000 डॉलर का चेक दिया जाएगा. रैली में उन्होंने समर्थकों से कहा कि वे इस रकम को फ्लोरिडा या अमेरिका में कहीं भी खर्च कर सकते हैं, बस पैसा विदेश नहीं जाना चाहिए.
मार-ए-लागो का उदाहरण देते हुए ट्रंप ने कहा, "फ्लोरिडा जाइए, हमारी किसी भी शानदार जगह पर जाइए. आप मार-ए-लागो भी आ सकते हैं. आप वहां मेरे मेहमान होंगे. लेकिन समस्या यह है कि 5000 डॉलर में आप ज्यादा से ज्यादा एक हैमबर्गर और शायद एक छोटी मिठाई खरीद पाएंगे. मुझे यह भी पक्का नहीं है कि इतने में वह मिल पाएगा या नहीं. नहीं, वहां मत जाइए. अगर आप कीमत का हिसाब रखते हैं, तो वह आपके लिए सही जगह नहीं है."
ट्रंप का यह वादा हालांकि पहले से ही विवादों में है. डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं और यहां तक कि ट्रंप के कुछ समर्थकों ने भी इस प्रस्ताव का मजाक उड़ाया है. आलोचकों का कहना है कि चुनाव से पहले इस तरह पैसे देने का वादा मतदाताओं को लुभाने की कोशिश है.
अनुमान के मुताबिक, सभी अमेरिकी वयस्कों को 5000 डॉलर देने पर करीब 1.3 ट्रिलियन डॉलर खर्च हो सकते हैं. इतनी बड़ी रकम जुटाने और भुगतान की योजना लागू करने के लिए कांग्रेस की मंजूरी समेत कई कदम उठाने होंगे.
महंगाई बनी ट्रंप की सबसे बड़ी चुनौती?
ट्रंप लगातार दावा कर रहे हैं कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था शानदार प्रदर्शन कर रही है. वह महंगाई और चीजों की बढ़ती कीमतों से जुड़ी चिंता को डेमोक्रेट्स का बनाया हुआ मुद्दा भी बताते रहे हैं. लेकिन आम लोगों की आर्थिक परेशानियों के संकेत अलग तस्वीर दिखाते हैं.
प्यू रिसर्च सेंटर के एक हालिया अध्ययन के मुताबिक, 60 फीसदी अमेरिकी मानते हैं कि उनकी आमदनी उन्हें अपनी मनचाही जिंदगी जीने के लिए पर्याप्त नहीं है. वहीं, 70 फीसदी लोगों ने कहा कि उन्होंने बाहर खाना खाने जैसे अतिरिक्त खर्चों में कटौती की है. ऐसे माहौल में 5000 डॉलर का वादा और मार-ए-लागो में बर्गर की कीमत पर ट्रंप का मजाक, दोनों ही चुनावी बहस का हिस्सा बन सकते हैं.
3 नवंबर को चुनाव, दांव पर कांग्रेस का कंट्रोल
अमेरिका में 3 नवंबर को प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटों और सीनेट की 100 में से 35 सीटों पर चुनाव होने हैं. कांग्रेस के दोनों सदनों में फिलहाल रिपब्लिकन पार्टी का नियंत्रण है. सीनेट में रिपब्लिकन के 53 और डेमोक्रेट्स के 47 सदस्य हैं. इस बार चुनाव में रिपब्लिकन की 22 और डेमोक्रेट्स की 13 सीटें दांव पर हैं. सीनेट पर नियंत्रण हासिल करने के लिए डेमोक्रेट्स को अपनी सभी 13 सीटें बचाने के साथ रिपब्लिकन की कम से कम चार सीटें जीतनी होंगी.
प्रतिनिधि सभा में रिपब्लिकन के पास 218 और डेमोक्रेट्स के पास 214 सीटें हैं. एक सीट निर्दलीय के पास है, जबकि दो सीटें खाली हैं. इसके अलावा 50 में से 36 राज्यों में गवर्नर चुनने के लिए भी मतदान होगा. ओहायो जैसे रिपब्लिकन गढ़ में भारतीय मूल के विवेक रामास्वामी और डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन के बीच मुकाबला भी चर्चा में है.
मिडटर्म चुनाव में राष्ट्रपति की पार्टी को अक्सर सत्ता-विरोधी माहौल का सामना करना पड़ता है. इस बार भी महंगाई, ईंधन की कीमतें और आम लोगों की आर्थिक स्थिति चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकती हैं.
aajtak.in