चीन में भारतीय प्रवासियों का छलका दर्द... दूतावास के सामने उठाए कई मुद्दे

चीन में रहने वाले भारतीयों ने दूतावास के सामने अपनी कई अहम परेशानियां रखीं. ओपन हाउस में वीजा, सोशल मीडिया और नौकरी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई. अब दूतावास ने इन समस्याओं के समाधान के लिए कई कदम उठाने की बात कही है.

Advertisement
चीन में रह रहे भारतीयों की मदद के लिए दूतावास ने बुलाई खास बैठक. (File Photo) चीन में रह रहे भारतीयों की मदद के लिए दूतावास ने बुलाई खास बैठक. (File Photo)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 02 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 4:06 PM IST

चीन में रहने वाले भारतीयों ने अपनी कई परेशानियां सीधे भारतीय दूतावास के सामने रखीं. सबसे ज्यादा चिंता नौकरी के लिए मिलने वाले वीजा में कमी, परिवार के साथ रहने वालों को काम नहीं मिलने और सोशल मीडिया पर भारत के खिलाफ बढ़ती आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर जताई गई. लंबे समय बाद हुए इस ओपन हाउस में दूतावास ने सभी शिकायतें सुनीं और भरोसा दिलाया कि इन मुद्दों पर लगातार काम किया जाएगा.

Advertisement

दरअसल, बीजिंग में भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को ओपन हाउस का आयोजन किया. इसमें अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे बड़ी संख्या में भारतीय पेशेवर शामिल हुए. इस दौरान लोगों ने अपनी दिक्कतें खुलकर बताईं. सबसे बड़ा मुद्दा यह रहा कि चीन में भारतीय पेशेवरों को पहले के मुकाबले कम वर्क वीजा मिल रहे हैं. कई लोगों ने यह भी कहा कि उनके पति या पत्नी को वहां नौकरी करने में दिक्कत आती है. जबकि, कुछ लोगों ने काउंसलर सेवाओं से जुड़ी परेशानियां भी साझा कीं.

सोशल मीडिया पर भारत विरोधी पोस्ट पर भी चिंता

बैठक में शामिल लोगों ने कहा कि चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भारत, भारतीयों के खान-पान और संसंस्कृति के खिलाफ नफरत फैलाई जा रही है. भड़काऊ पोस्ट की वजह से माहौल बिगड़ रहा है, जिससे भारतीयों को काफी मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है. इस पर भारतीय राजदूत विक्रम दोराईस्वामी ने कहा कि इस मामले को लेकर चीन की सरकार भी चिंतित है,  ऐसे कंटेंट पर रोक लगाने के लिए कदम उठा रही है. उन्होंने बताया कि भारतीय दूतावास भी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए सही जानकारी साझा कर अफवाहों और गलत सूचनाओं का जवाब दे रहा है.

Advertisement

बैठक में वीजा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा. भारतीय पेशेवरों ने बताया कि पहले की तुलना में अब चीन कम वर्क वीजा दे रहा है. कई लोगों ने कहा कि उनके पति या पत्नी को वहां काम करने की अनुमति नहीं मिलती. इसके अलावा, काउंसलर सेवाओं से जुड़ी दिक्कतें भी सामने आईं. इस पर दूतावास ने कहा कि नौकरी से जुड़े मामलों में भारतीयों की मदद के लिए कानूनी विशेषज्ञों के साथ एक व्यवस्था तैयार की जा रही है.

भारत आने वाले चीनी नागरिकों के लिए प्रक्रिया होगी आसान

भारतीय दूतावास के मुताबिक, अगले सप्ताह से भारत का वीजा लेने वाले चीनी नागरिकों के लिए जरूरी दस्तावेजों की प्रक्रिया पहले से आसान कर दी जाएगी. इसका मकसद ज्यादा से ज्यादा लोगों के लिए भारत आना आसान बनाना और दोनों देशों के बीच आवाजाही बढ़ाना है. इस दौरान, दूतावास ने यह भी कहा कि 'वसंत मेला' जैसे कार्यक्रमों को लोगों का अच्छा समर्थन मिला है. इसी को देखते हुए आगे भी भारत की संस्कृति और खान-पान से जुड़े ऐसे आयोजन किए जाएंगे, ताकि ज्यादा लोग भारत को करीब से जान सकें.

हालांकि, दूतावास ने यह भी साफ किया कि 'ओपन हाउस' अब सिर्फ एक बार का कार्यक्रम नहीं रहेगा. आगे भी समय-समय पर ऐसी बैठकें होंगी, ताकि चीन में रह रहे भारतीय अपनी परेशानी सीधे दूतावास के सामने रख सकें. कोशिश यही रहेगी कि लोगों की शिकायतें जल्दी सुनी जाएं और उनका समाधान भी समय पर किया जा सके.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »