नेपाल में बवाल: राजशाही समर्थकों के हिंसक प्रदर्शन में एक की मौत, काठमांडू एयरपोर्ट बंद, PM ने बुलाई आपात बैठक

नेपाल ने 2008 में संसद द्वारा राजशाही को समाप्त कर दिया था, जिससे यह एक धर्मनिरपेक्ष, संघीय, लोकतांत्रिक गणराज्य बन गया. हालांकि, हाल ही में राजशाही की बहाली की मांग तेज हो गई है, खासकर जब पूर्व राजा ग्यानेंद्र ने 19 फरवरी को लोकतंत्र दिवस के अवसर पर जनता से समर्थन की अपील की थी.

Advertisement
नेपाल में हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं (फोटो- AP) नेपाल में हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं (फोटो- AP)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 28 मार्च 2025,
  • अपडेटेड 10:59 PM IST

नेपाल में राजशाही समर्थकों द्वारा किए जा रहे हिंसक प्रदर्शनों के चलते राजधानी काठमांडू में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है. विरोध प्रदर्शनों के कारण त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय विमानस्थल को सुरक्षा कारणों से अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है. इस कारण से यहां से उड़ान भरने और लैंडिंग करने वाली सभी उड़ानों को रोक दिया गया है.

दरअसल, नेपाल ने 2008 में संसद द्वारा राजशाही को समाप्त कर दिया था, जिससे यह एक धर्मनिरपेक्ष, संघीय, लोकतांत्रिक गणराज्य बन गया. हालांकि, हाल ही में राजशाही की बहाली की मांग तेज हो गई है, खासकर जब पूर्व राजा ग्यानेंद्र ने 19 फरवरी को लोकतंत्र दिवस के अवसर पर जनता से समर्थन की अपील की थी. काठमांडू में शुक्रवार को नेपाल की राजशाही की बहाली और हिंदू राष्ट्र की मांग कर रहे समर्थकों और सुरक्षाबलों के बीच झड़पें हुईं. 

Advertisement

प्रदर्शनकारियों ने कई घरों, इमारतों और वाहनों में आग लगा दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आंसू गैस के गोले और रबर की गोलियां दागीं. हालात को काबू में करने के लिए प्रशासन ने टिंकुने, सिनामंगल और कोटेश्वर क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया है. तनावपूर्ण स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए नेपाली सेना को सड़कों पर उतारा गया है. हिंसक प्रदर्शनों के दौरान पुलिस की गोली से 29 वर्षीय सबीन महर्जन नामक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई. गृह मंत्रालय ने जानकारी दी कि अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हुई.

विमान डायवर्जन और उड़ानों पर प्रतिबंध

काठमांडू में लैंड करने वाले बैंकॉक से एयर एशिया, ढाका से बांग्लादेश एयरलाइंस, दुबई से फ्लाई दुबई और सियोल से कोरियन एयर के विमानों को उतरने की अनुमति नहीं दी गई है. इन सभी विमानों को भारत में इमरजेंसी लैंडिंग करने का निर्देश दिया गया है.

Advertisement

इसी तरह, काठमांडू से उड़ान भरने की तैयारी में लगे दोहा जाने वाले कतर एयरवेज, दुबई जाने वाले फ्लाई दुबई और क्वालालंपुर जाने वाले बाटिक एयर के विमानों को भी रोक दिया गया है.

गृह मंत्रालय में आपातकालीन बैठक

नेपाल में जारी राजनीतिक अशांति के कारण गृह मंत्रालय में सुरक्षा प्रमुखों की आपात बैठक बुलाई गई है. गृहमंत्री रमेश लेखक ने इस बैठक का नेतृत्व किया, जिसमें नेपाल पुलिस के आईजी दीपक थापा, सशस्त्र प्रहरी बल के आईजी राजू अर्याल, नेपाली सेना के प्रधान सेनापति अशोक राज सिग्देल और खुफिया विभाग के प्रमुख हुतराज थापा उपस्थित रहे. सूत्रों के अनुसार, इस बैठक के बाद गृह मंत्री रमेश लेखक द्वारा पत्रकार सम्मेलन किया जाएगा, जिसमें आज की घटनाओं के लिए पूर्व राजा को जिम्मेदार ठहराने की संभावना जताई जा रही है.

प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने बुलाई आपात कैबिनेट बैठक

नेपाल में बिगड़ते हालातों के मद्देनजर प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने कैबिनेट की आपातकालीन बैठक बुलाई है. जानकारी के मुताबिक यह बैठक शाम 7 बजे प्रधानमंत्री के सरकारी आवास पर बुलाई गई, जिसमें देश की वर्तमान स्थिति और सुरक्षा उपायों पर चर्चा हुई.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »