लव मैरिज रोकने के लिए कपल के स्कूटर की डिक्की में रख दिया अवैध हथियार, फिर...

बर्दवान में लव मैरिज रोकने के लिए कथित साजिश रची गई. वैलेंटाइन डे पर रजिस्ट्री कराने पहुंचे कपल के स्कूटर की डिक्की से पुलिस ने अवैध पिस्टल बरामद की. जांच में सामने आया कि युवती के दूर के रिश्तेदार मामा ने शादी तुड़वाने के इरादे से हथियार रखा था. पुलिस ने आरोपी को आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार कर दो दिन की हिरासत में लिया है. मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच जारी है.

Advertisement
जांच में जुटी पुलिस. (Photo: ITG) जांच में जुटी पुलिस. (Photo: ITG)

सुजाता मेहरा

  • बर्दवान,
  • 16 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 6:33 PM IST

पश्चिम बंगाल के बर्दवान शहर में रजिस्ट्री मैरिज ऑफिस के पास एक भावी दंपत्ति के स्कूटर की डिक्की से पिस्टल बरामद होने के मामले में जांच के दौरान नाटकीय मोड़ आया है. पुलिस का दावा है कि युवती की शादी रुकवाने के लिए उसके दूर के रिश्तेदार मामा ने साजिश रचकर स्कूटर में अवैध हथियार रख दिया था. आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है.

Advertisement

गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रीकांत दास के रूप में हुई है, जिसका घर मेमारी थाना क्षेत्र के देवपुर में है. उसका वर्तमान पता बर्दवान शहर के शंकरिपुकुर नंबर-2 इलाके में बताया गया है. जानकारी के अनुसार, युवती और युवक पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध में थे और उन्होंने वैलेंटाइन डे 2026 के दिन, जो उच्च माध्यमिक परीक्षा के बीच पड़ रहा था, विवाह रजिस्ट्रेशन कराने का निर्णय लिया था. युवती बर्दवान शहर के शांखारी पुकुर इलाके की निवासी है और उच्च माध्यमिक की परीक्षार्थी है, जबकि युवक बांकुड़ा जिले के पात्रसायर का रहने वाला है और शिक्षक की नौकरी की तैयारी कर रहा है.

तलाशी पर मिला हथियार
बताया जाता है कि निर्धारित दिन दोपहर में युवती, उसका होने वाला पति और उसके नाना स्कूटर से गोलापबाग चौराहा स्थित रजिस्ट्री मैरिज कार्यालय पहुंचे. फॉर्म भरने के बाद युवती ने नाना को दोबारा फोन कर वापस ले जाने को कहा. इसी दौरान पुलिस ने स्कूटर को रोककर तलाशी ली, जिसमें लगेज बॉक्स से एक पिस्टल बरामद हुई. हालांकि पुलिस के अनुसार, हथियार के साथ कोई कारतूस नहीं मिला.

Advertisement

पुलिस तीनों को पूछताछ के लिए बर्दवान थाने ले गई. भावी दंपत्ति और नाना ने शुरुआत से ही पिस्टल के बारे में अनभिज्ञता जताई. नाना का कहना था कि सुबह उनका पोता और भतीजा स्कूटर से बाजार मछली लेने गए थे, उसके बाद उन्होंने वही स्कूटर लेकर युवती को रजिस्ट्री ऑफिस पहुंचाया. परिवार ने सवाल उठाया कि उन्हें पिस्टल की जानकारी नहीं थी तो पुलिस को इसकी सूचना कैसे मिली.

मामा ने बताया सच?
जांच के दौरान पुलिस ने युवती के भाई सहित अन्य लोगों से पूछताछ की. इसके बाद श्रीकांत दास का नाम सामने आया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में श्रीकांत ने कथित रूप से स्वीकार किया कि उसने युवती की शादी रुकवाने के उद्देश्य से स्कूटर में बिना लाइसेंस की पिस्टल रखी थी. आरोप है कि उसने यह हथियार वैलेंटाइन डे की पूर्व संध्या पर बर्दवान के खागड़ागढ़ इलाके के ज्वेल अहमद से लिया था. हालांकि अदालत में पेशी के दौरान श्रीकांत ने दावा किया कि उसे युवती के भाई ने फंसाया है. आरोप है कि शादी तुड़वाने की साजिश के तहत भाई और मामा को पैसे दिए गए. हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है.

पुलिस का कहना है कि ज्वेल अहमद का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह अवैध हथियारों के कारोबार से जुड़ा बताया जाता है. पूरे मामले में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है.

Advertisement

इधर, युवती के परिवार ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि यदि साजिशकर्ताओं ने सूचना नहीं दी होती तो पुलिस को स्कूटर में हथियार होने की जानकारी कैसे मिलती. मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए पुलिस जांच जारी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement