कोलकाता के चोरबगान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ में 19 मौतों के बाद उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है. राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त निर्देश जारी किए हैं. प्रशासन किसी भी तरह की कोताही बरतने के मूड में नहीं है और आयोजनों को सुरक्षित बनाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के सभी पुलिस कमिश्नर, जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों को दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा को लेकर कड़े निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने बताया कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में दुर्गा पंडालों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की गहराई से जांच करें.
इसके साथ ही, डीएम और पुलिस कप्तानों को विशेष रूप से निर्देश दिए गए हैं कि वो पंडालों के एंट्री और एक्जिट पॉइंट का खुद निरीक्षण करें. इस बात का खास ध्यान रखा जाए कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पंडालों में पर्याप्त और चौड़े इमरजेंसी एग्जिट का पूरा इंतजाम हो.
इसके अलावा, शॉर्ट सर्किट जैसी अनहोनी को रोकने के लिए सभी पंडालों में विद्युत सुरक्षा की भी पूरी जांच कराई जाए. सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वो फील्ड में उतरकर खुद सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करें.
वाराणसी में कड़े सुरक्षा इंतजाम और 'मिशन शक्ति' अभियान
मुख्यमंत्री के इन निर्देशों के बीच जमीनी स्तर पर भी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं. वाराणसी में महिला अपराध मामलों की एडिशनल डीसीपी नमिता श्रीवास्तव ने बताया कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए शहर के सभी दुर्गा पूजा पंडालों और मंदिरों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. इस तैनाती में बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: यूपी में 19 अक्टूबर को बंद रहेंगे स्कूल और दफ्तर, CM योगी ने महानवमी पर दी छुट्टी
उन्होंने ये भी बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के 'मिशन शक्ति' अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. इन कार्यक्रमों के जरिए महिलाओं को राज्य सरकार की अलग-अलग कल्याणकारी योजनाओं, साइबर सुरक्षा और उनकी सुरक्षा के लिए उपलब्ध सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी दी जा रही है, ताकि पर्व के दौरान हर कोई सुरक्षित माहौल में उत्सव का आनंद ले सके.
आशीष श्रीवास्तव