27 चोटों के निशान, यौन हमले, फिर कत्ल... अनिता शर्मा केस में 18 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली

पश्चिम बंगाल के रानीगंज में 55 वर्षीय अनीता शर्मा की हत्या के 18 दिन बाद भी पुलिस किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 27 चोटों का जिक्र है. परिवार ने यौन हमले का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है. CID की फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की 3D मैपिंग की है.

Advertisement
अनीता शर्मा की बेटी ने मां के लिए लगाई न्याय की गुहार. (Photo: Screengrabs) अनीता शर्मा की बेटी ने मां के लिए लगाई न्याय की गुहार. (Photo: Screengrabs)

अनिल गिरी

  • पश्चिम बर्धमान,
  • 25 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 9:31 AM IST

पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के रानीगंज के जेके नगर इलाके में 55 वर्षीय अनीता शर्मा की हत्या के मामले में 18 दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए CID की फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर 3D मैपिंग के जरिए जांच शुरू की है. वहीं, अनीता शर्मा की मौत के कुछ दिनों बाद दुर्गापुर में फंदे से लटके मिले एक युवक के शव को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं. बताया जा रहा है कि मृत युवक अनीता शर्मा के घर के पास रहने वाला था. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है.

Advertisement

5 अक्टूबर की रात घर में अकेली थीं अनीता शर्मा
जानकारी के मुताबिक घटना 5 अक्टूबर की रात की है. अनीता शर्मा उस समय जेके नगर स्थित अपने घर में अकेली थीं. उनके पति LIC एजेंट हैं और बताया जा रहा है कि वे आमतौर पर दुर्गापुर में रहते थे.

6 अक्टूबर की शाम अनीता शर्मा का शव उनके घर से बरामद किया गया. इससे पहले परिवार और पड़ोसियों ने उन्हें फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठने पर चिंता बढ़ी. बाद में पुलिस को सूचना दी गई और घर की जांच के दौरान अनीता शर्मा मृत अवस्था में मिलीं. अनीता शर्मा के परिवार में एक बेटा और एक बेटी है. बेटी चंडीगढ़ से MBA की पढ़ाई कर रही थी, जबकि बेटे ने मुंबई से BTech किया है.

पोस्टमार्टम में कई चोटों के निशान, यौन हमले की भी पुष्टि
पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है. रिपोर्ट में शरीर पर कई चोट और कट के निशान मिलने की बात सामने आई है. शरीर के अंदरूनी हिस्सों में भी गंभीर चोट की जानकारी मिली है.

Advertisement

परिवार का आरोप है कि अनीता शर्मा के साथ यौन हमला किया गया और इसके बाद उनकी हत्या कर दी गई. उनकी बेटी अपर्णा शर्मा ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 27 चोटों का जिक्र है और उनकी मां के साथ यौन हमला किया गया. बेटी ने कहा कि परिवार लगातार न्याय का इंतजार कर रहा है और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है.

अपर्णा ने अपनी मां को याद करते हुए कहा कि मां हमेशा बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहती थीं. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर इस उम्र में भी एक महिला अपने घर में सुरक्षित नहीं है, तो महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर समाज किस तरह भरोसा करे.

18 दिन बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं
इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि घटना के 18 दिन बाद भी पुलिस के हाथ अभी तक कोई आरोपी नहीं लगा है. मृतका के बेटे भवेश शर्मा ने भी पुलिस जांच को लेकर चिंता जताई है. उनका कहना है कि परिवार जांच में पुलिस का सहयोग कर रहा है, लेकिन अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.

परिवार ने प्रशासन से जल्द से जल्द दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाने की अपील की है. बेटे और बेटी दोनों ने न्याय की मांग करते हुए कहा है कि वे चाहते हैं कि उनकी मां के साथ हुई घटना की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को कानून के मुताबिक सजा मिले.

Advertisement

पड़ोस में रहने वाले युवक की मौत ने बढ़ाए सवाल
अनीता शर्मा हत्याकांड के कुछ दिनों बाद एक और घटना ने पूरे मामले को और पेचीदा बना दिया. दुर्गापुर में एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ बरामद हुआ. बताया जा रहा है कि यह युवक अनीता शर्मा के घर के आसपास रहने वाला था और परिवार के मुताबिक वह इलाके से अच्छी तरह परिचित था.

युवक की मौत की परिस्थितियों को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है. सबसे अहम सवाल यह है कि क्या युवक की मौत और अनीता शर्मा की हत्या के बीच कोई कनेक्शन है? हालांकि, अभी तक पुलिस ने दोनों घटनाओं के बीच किसी सीधे संबंध की पुष्टि नहीं की है. यह भी स्पष्ट नहीं है कि युवक की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई और वजह थी. पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है.

CID की एंट्री, 3D मैपिंग से घटनास्थल का डिजिटल नक्शा
मामले की गंभीरता को देखते हुए CID की फोरेंसिक टीम भी जांच में जुट गई है. कोलकाता से पहुंची टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाके की 3D मैपिंग की. आधुनिक तकनीक के जरिए घटनास्थल का डिजिटल नक्शा तैयार किया गया है.

इस मैपिंग के जरिए घटनास्थल की भौगोलिक स्थिति, संभावित आने-जाने के रास्तों और आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों का विश्लेषण किया जा रहा है. फोरेंसिक टीम ने मौके से संभावित साक्ष्य और नमूने भी जुटाए हैं. इनकी जांच रिपोर्ट आगे की जांच में अहम भूमिका निभा सकती है.

Advertisement

घटनास्थल अभी भी पुलिस की निगरानी में
अनीता शर्मा का घर और आसपास का इलाका अभी भी पुलिस ने घेरकर रखा है. घटनास्थल की सुरक्षा के लिए पुलिस और सिविक वॉलंटियर्स की चौबीसों घंटे तैनाती की गई है.

पुलिस की कोशिश है कि घटनास्थल से जुड़े किसी भी संभावित सबूत से छेड़छाड़ न हो और जांच के दौरान सभी साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जा सके.

पुलिस कमिश्नर ने कहा- जांच में लीड नहीं मिली है
आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस कमिश्नर प्रणब कुमार ने कहा है कि मामले में जांच जारी है और पुलिस को कुछ वैसा लीड मिली हैं, जिसके बारे में बताया जाए. उन्होंने घटना को बेहद क्रूर बताया और कहा कि जांच एजेंसियां मामले के सभी पहलुओं को खंगाल रही हैं. हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी की घोषणा नहीं की गई है.

परिवार की गुहार- हमें सिर्फ न्याय चाहिए
अनीता शर्मा की बेटी अपर्णा और बेटे भवेश ने प्रशासन से न्याय की अपील की है. अपर्णा ने कहा कि जिस मां ने पूरी जिंदगी बच्चों की सुरक्षा और उनके भविष्य की चिंता की, उसी मां के साथ ऐसी घटना की कल्पना भी परिवार ने नहीं की थी.

उन्होंने कहा कि परिवार किसी निर्दोष को दोषी ठहराने की बजाय चाहता है कि जांच एजेंसियां सबूतों के आधार पर वास्तविक अपराधियों तक पहुंचें. भवेश शर्मा ने भी कहा कि उनका परिवार आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर है और उन्हें प्रशासन व पुलिस से ही न्याय की उम्मीद है.

Advertisement

CBI जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन
मामले को लेकर भीम आर्मी और नंदवंशी चेतना संघ की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया. जेके नगर बाजार से निमचा फांड़ी तक जुलूस निकाला गया. प्रदर्शनकारियों ने अनीता शर्मा के हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार की सुरक्षा की मांग की. जरूरत पड़ने पर CBI जांच कराने की मांग भी उठाई गई.

अनीता शर्मा की बेटी भी प्रदर्शन में शामिल हुईं और उन्होंने अपनी मां के लिए न्याय की मांग की. वहीं महिला सुरक्षा और मामले की पारदर्शी जांच की मांग को लेकर सारा भारत लोकतांत्रिक महिला समिति की ओर से निमचा फांड़ी में ज्ञापन दिया गया. महिला नेताओं और स्थानीय वामपंथी संगठनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच, दोषियों की पहचान कर कार्रवाई और इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की.

जांच के केंद्र में कई सवाल
अनीता शर्मा हत्याकांड की जांच अब कई अहम सवालों के इर्द-गिर्द घूम रही है. क्या 5 अक्टूबर की रात अनीता शर्मा के घर में कोई परिचित व्यक्ति पहुंचा था?

क्या वारदात में किसी स्थानीय व्यक्ति की भूमिका है?
क्या 18 दिन बाद भी पुलिस को इस मामले में कोई लीड नहीं मिलना, उससे पुलिस की विफलता साफ दिखता है? और सबसे बड़ा सवाल- अनीता शर्मा की हत्या के कुछ दिनों बाद दुर्गापुर में मिले युवक के शव का इस मामले से कोई संबंध है या दोनों घटनाएं महज संयोग हैं?

Advertisement

इन सभी सवालों का जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा. फिलहाल CID की फोरेंसिक टीम 3D मैपिंग और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है. घटनास्थल पुलिस की निगरानी में है और परिवार 18 दिन बाद भी गिरफ्तारी और न्याय का इंतजार कर रहा है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »