Uttar Pradesh News: महोबा के शहर कोतवाली इलाके के समद नगर में मंगलवार की रात हमलावरों ने पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने आए 28 वर्षीय जयवेंद्र सिंह उर्फ विक्की पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. हमलावरों ने ताबड़तोड़ वार करके युवक के दोनों हाथ कलाई से लगभग अलग कर दिए, उसका पैर काट दिया और सिर पर भी गहरे घाव किए. इस वारदात को अंजाम देने का आरोप स्थानीय बीजेपी नेता शिवप्रताप सिंह परमार और उसके सहयोगियों पर लगा है. पुलिस ने मामले की सूचना मिलने के बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी.
सरेआम कत्लेआम और मां की बेबसी
कानपुर-सागर हाईवे पर चंदेल पेट्रोल पंप के ठीक सामने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया. हमला इतना बेरहम था कि युवक सड़क पर तड़पने लगा. लहूलुहान हालत में बेटे को देख मौके पर पहुंची बदहवास मां अपने लाडले के कटे हुए हाथों को कपड़े से बांधने की कोशिश करने लगी. डायल 112 की मदद से घायल विक्की को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मरणासन्न हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया.
सत्ता के रसूख में खूनी खेल
पीड़ित युवक के पिता राजा बाबू सिंह और भाई आलोक सिंह ने बताया कि विक्की का आरोपी बीजेपी नेता शिवप्रताप सिंह परमार से कोई पुराना विवाद या रंजिश नहीं थी. इसके बावजूद केवल सत्ता के रसूख और हनक के दम पर इस बर्बर वारदात को अंजाम दिया गया है. जिला अस्पताल के ईएमओ डॉक्टर शिशुपाल ने बताया कि युवक के दोनों हाथ लगभग कट कर अलग हो चुके थे, जिन्हें सपोर्ट देकर बांधा गया है और सिर पर भी गंभीर चोटें हैं.
पुलिस तफ्तीश और इलाके में तनाव
वारदात की जानकारी मिलने के बाद एडिशनल एसपी वंदना सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए हैं. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी हैं और उनकी तलाश सरगर्मी से की जा रही है. सत्ताधारी दल के नेता का नाम सामने आने के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव और हड़कंप का माहौल है.
नाहिद अंसारी