यूपी में योगी कैबिनेट का विस्तार आज, इन नए चेहरों को मिल सकती है एंट्री

यूपी में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है. रविवार शाम योगी मंत्रिमंडल का विस्तार होगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार शाम को राज्यपाल से मुलाकात की. कुछ नए चेहरों की मंत्रिमंडल में एंट्री हो सकती है. मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी पर तंज कसा है.

Advertisement
योगी सरकार में बदलाव की तैयारी तेज हो गई है (Photo: PTI) योगी सरकार में बदलाव की तैयारी तेज हो गई है (Photo: PTI)

कुमार अभिषेक / समर्थ श्रीवास्तव / संतोष शर्मा

  • लखनऊ, उत्तर प्रदेश,
  • 09 मई 2026,
  • अपडेटेड 12:03 AM IST

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है. इसे लेकर लखनऊ में तैयारियां तेज हो गई हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस संबंध में शनिवार शाम राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से मुलाकात की. 10 मई को दोपहर 3 बजे लखनऊ लोकभवन में नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी. योगी मंत्रिमंडल में खाली पड़ी 6 सीटों को भरने के लिए रविवार को नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी.

Advertisement

जानकारी के मुताबिक, योगी सरकार में कुछ नए चेहरों को शामिल किए जाने की संभावना है. इसके साथ ही साथ कई मंत्रियों के विभाग बदलने की भी चर्चा है. जिन नेताओं को मंत्री बनाए जाने की संभावना है, उनमें पूर्व बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी (एमएलसी), मनोज पांडे (रायबरेली), कृष्णा पासवान (फतेहपुर), हंसराज विश्वकर्मा (वाराणसी), सुरेंद्र वाल्मीकि (हाथरस) और कैलाश लोधी (कन्नौज) शामिल हैं.

इनके अलावा अशोक कटारिया, सुरेश पासी, आशीष सिंह और पूजा पाल को भी मंत्री बनाए जाने की चर्चाएं हैं. हालांकि अभी तक सरकार या पार्टी की तरफ से नामों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. भाजपा मंत्रिमंडल विस्तार के जरिए अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में संगठनात्मक और सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश में है. लोकसभा चुनाव के बाद बदले राजनीतिक माहौल में भाजपा उत्तर प्रदेश में अपने संगठन और सरकार दोनों को नए तरीके से संतुलित करने की रणनीति पर काम कर रही है.

Advertisement

अखिलेश यादव ने कसा तंज

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर तंज कसा है. उन्होंने लिखा, 'दिल्ली से पर्ची आ गयी क्या? सुना है यूपी में कैबिनेट का विस्तार हो रहा है या यूं कहें कि मुख्यमंत्री योगी की शक्ति का ‘कटाव-झटाव’ हो रहा है. जिनका मंत्रिमंडल है उनसे भी तो कोई पूछ ले. हमारी मांग है कि यूपी के मंत्रिमंडल विस्तार में महिलाओं को आरक्षण दिया जाए. वैसे ये सवाल भी कुलबुला रहा है : ‘अगल-बगल’ की जोड़ी का कुछ हला-भला होगा या फिर वो ‘अगले-बगले’ ही झांकते रह जाएंगे या सिर्फ रील बनाते…'

ओबीसी, एससी और सवर्ण कोटे से बनेंगे मंत्री

दलितों में पासी और वाल्मीकि समाज से आने वाले नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह मिलने की संभावना है, जबकि अति पिछड़ा वर्ग से विश्वकर्मा समाज और पिछड़े वर्ग से लोधी और जाट समुदाय को प्रतिनिधित्व दिया जा सकता है. एक ब्राह्मण चेहरे को भी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की चर्चा है.

यह भी पढ़ें: 'हम एक दिन EVM को हटाकर रहेंगे...' 2027 के चुनाव से पहले बोले अखिलेश, सत्ता में आए तो मिलेगी 2 दिन की छुट्टी

जिन नेताओं के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं, उनमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और बीजेपी के जाट चेहरे भूपेंद्र चौधरी का नाम लगभग तय माना जा रहा है. भूपेंद्र चौधरी फिलहाल विधान परिषद सदस्य हैं और योगी सरकार के पिछले कार्यकाल में पंचायती राज मंत्री रह चुके हैं. प्रदेश अध्यक्ष पद से हटने के बाद इसे उनके राजनीतिक समायोजन के तौर पर भी देखा जा रहा है.

Advertisement

समाजवादी पार्टी से बगावत कर बीजेपी के करीब आए नेताओं में से भी कुछ चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है. ऊंचाहार से विधायक मनोज पांडे का नाम कैबिनेट मंत्री के तौर पर लगभग तय माना जा रहा है. मनोज पांडे कभी अखिलेश यादव के बेहद करीबी नेताओं में गिने जाते थे.

कौशांबी की चायल सीट से विधायक पूजा पाल के भी मंत्री बनने की चर्चा तेज है. पूजा पाल प्रयागराज से आती हैं और दिवंगत विधायक राजू पाल की पत्नी हैं, जिनकी हत्या अतीक अहमद पर कराए जाने का आरोप लगा था. अतीक अहमद की मौत के बाद से पूजा पाल खुलकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में नजर आई थीं.

फतेहपुर से आने वाली कृष्णा पासवान का नाम भी मंत्री पद के लिए चर्चा में है. वहीं वाराणसी के जिलाध्यक्ष और एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा को भी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है. हंसराज विश्वकर्मा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी नेताओं में माना जाता है.

इसके अलावा एक मंत्री वाल्मीकि समाज और एक लोधी समाज से बनाए जाने की संभावना है. सुरेश पासी, आशा मौर्य और सुरेंद्र दिलेर के नाम भी चर्चा में हैं. सूत्रों के अनुसार, पूर्व आईपीएस अधिकारी और दलित चेहरे असीम अरुण का कद भी पार्टी बढ़ा सकती है. उन्हें स्वतंत्र प्रभार से कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है. साथ ही कुछ विभागों में फेरबदल के भी संकेत मिल रहे हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: योगी का 'खास' तोहफा, शपथ के तुरंत बाद शुभेंदु को पहनाया अपना भगवा गमछा

ऐसे में संभावित कैबिनेट विस्तार को सिर्फ प्रशासनिक बदलाव नहीं बल्कि राजनीतिक संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है. क्योंकि अगले साल ही प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने जा रहा है. अगर विस्तार होता है तो नए मंत्रियों को शामिल कर क्षेत्रीय और जातीय संतुलन को मजबूत करने की कोशिश की जा सकती है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »