अतीक अहमद की जमीन पर बनेंगे 602 फ्लैट, कल शिलान्यास करेंगे CM योगी

प्रयागराज के चकिया इलाके में अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर 602 फ्लैट बनाएं जाएंगे है. पद्म लोक आवास योजना के तहत करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से 14 मंजिला इमारत बनाई जाएगी. सभी फ्लैट 2BHK होंगे और इनकी कीमत रजिस्ट्री के बाद करीब 30 लाख रुपये रखने की योजना है. CM योगी आदित्यनाथ कल परियोजना का भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे.

Advertisement
सीएम योगी कल परियोजना का भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे.  (File Photo-ITG) सीएम योगी कल परियोजना का भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे. (File Photo-ITG)

आशीष श्रीवास्तव

  • प्रयागराज,
  • 14 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 9:42 AM IST

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कभी माफिया अतीक अहमद का दबदबा था. अब उसी जमीन पर जरूरतमंदों के लिए घर बनाए जाएंगे. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 अक्टूबर को प्रयागराज दौरे के दौरान इस परियोजना का भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे. चकिया इलाके में अतीक अहमद के अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर 602 फ्लैट बनाए जाएंगे.

Advertisement

बताया जाता है कि अतीक अहमद इस बेशकीमती जमीन पर अपने कीमती घोड़े और विदेशी कुत्ते रखता था. अब इसी जगह पर बहुमंजिला आवासीय इमारत तैयार की जाएगी. प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) इस परियोजना को पूरा करेगा. इसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक बताया जा रहा है.

150 करोड़ रुपये की लागत से बनेंगे फ्लैट

इस परियोजना का नाम 'पद्म लोक आवास योजना' रखा गया है. इसके तहत 14 मंजिला इमारत बनाई जाएगी. इस पर करीब 150 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. सभी 602 फ्लैट दो बेडरूम, हॉल और किचन यानी 2BHK होंगे. हर फ्लैट का क्षेत्रफल 56.45 वर्ग मीटर होगा.

यह भी पढ़ें: CM योगी के मिर्जापुर दौरे के बीच पूर्व IAS दिव्या मित्तल का बड़ा ऐलान, 15 अक्टूबर को खोलेंगी अपने पत्ते

एक फ्लैट की निर्माण लागत करीब 25 से 27 लाख रुपये बताई गई है. रजिस्ट्री समेत अन्य खर्चों के बाद इसे करीब 30 लाख रुपये में उपलब्ध कराने की योजना है. हालांकि, अंतिम कीमत और आवंटन से जुड़ी शर्तों की जानकारी परियोजना के आगे बढ़ने पर स्पष्ट होगी.

Advertisement

आवासीय परिसर में लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर कई सुविधाएं दी जाएंगी. यहां पार्किंग, सोलर सिस्टम और बारिश के पानी को जमा करने की व्यवस्था होगी. इसके अलावा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP), स्विमिंग पूल, कम्युनिटी हॉल और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स भी बनाया जाएगा.

दो से तीन साल में पूरा करने का टारगेट

यह परियोजना करीब 9,811.35 वर्ग मीटर जमीन पर तैयार होगी. इसके निर्माण में आधुनिक मिवान स्ट्रक्चर तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा. परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट यानी DPR पर काम जारी है. इसे RERA रजिस्ट्रेशन नंबर भी मिल चुका है और मिट्टी की जांच की रिपोर्ट भी प्राप्त हो गई है.

यह भी पढ़ें: ‘अब दंगा किया तो बाप-दादा की कमाई जाएगी’, बरेली में बरसे CM योगी

निर्माण कार्य पूरा करने के लिए दो से तीन साल का लक्ष्य रखा गया है. मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस, प्रशासन और PDA के अधिकारी तैयारियों में जुटे हैं. कार्यक्रम स्थल पर चार जेसीबी मशीनों की मदद से जमीन को समतल करने और साफ-सफाई का काम किया जा रहा है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »