उत्तर प्रदेश के अमेठी में एक पेट्रोल पंप पर ईंधन की किल्लत के चलते भारी बवाल हो गया. पेट्रोल-डीजल लेने पहुंचे ग्राहकों और पंप कर्मचारियों के बीच लाइन तोड़ने को लेकर शुरू हुई कहासुनी हिंसक मारपीट में बदल गई. आक्रोशित भीड़ ने पेट्रोल पंप कर्मियों पर हमला कर दिया, जिसमें उन्हें मामूली चोटें आईं. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और 4 लोगों को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने पेट्रोल पंप कर्मी की तहरीर पर 5 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है. मामले को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी एक्स पर पोस्ट किया है.
लाइन तोड़ने को लेकर छिड़ा संग्राम
मोहनगंज के जगदीशपुर रोड स्थित पेट्रोल पंप पर तेल की कमी की खबरों के बीच बड़ी संख्या में लोग जमा थे. भीड़ अधिक होने के कारण लाइन को लेकर विवाद शुरू हुआ. देखते ही देखते कुछ लोगों ने आपा खो दिया और पेट्रोल पंप के कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी.
हंगामे की वजह से पंप पर अफरातफरी मच गई और अन्य लोग अपनी सुरक्षा को लेकर परेशान दिखे. घटना के वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें पुलिस फोर्स को मौके पर भीड़ को संभालते देखा जा सकता है.
पुलिस की सख्त कार्रवाई, 4 पहुंचे जेल
थाना प्रभारी राकेश सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पेट्रोल पंप कर्मी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया है. कुल 30 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जिनमें से 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस अन्य अज्ञात हमलावरों की पहचान के लिए जांच कर रही है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. फिलहाल, पेट्रोल पंप पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फोर्स तैनात की गई है.
अभिषेक कुमार त्रिपाठी