'घूस लेकर कब्जा कराने आए हो, गोली मारोगे...', देवरिया में ग्रामीणों ने दारोगा को खदेड़ा, जमीनी विवाद में बवाल

उत्तर प्रदेश के देवरिया में जमीन की जांच करने पहुंचे सब-इंस्पेक्टर और ग्रामीणों के बीच तीखी झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. ग्रामीणों ने दारोगा पर पैसे लेकर कब्जा कराने का आरोप लगाया, वहीं पुलिस ने इसे आईजीआरएस शिकायत की सामान्य जांच प्रक्रिया बताया है.

Advertisement
देवरिया में जमीनी विवाद में पुलिस और ग्रामीणों में झड़प (Photo- Screengrab) देवरिया में जमीनी विवाद में पुलिस और ग्रामीणों में झड़प (Photo- Screengrab)

राम प्रताप सिंह

  • देवरिया ,
  • 19 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 10:14 AM IST

Uttar Pradesh News: देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के ग्राम पौटवा बसंतपुर में सब-इंस्पेक्टर आनंद कुमार एक जमीन विवाद की जांच करने पहुंचे थे. आईजीआरएस पोर्टल पर मिली शिकायत के निस्तारण के दौरान प्रतिवादी पक्ष के लोगों ने दारोगा को घेरकर उग्र प्रदर्शन किया और उन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए. बातचीत के दौरान स्थिति तब बिगड़ी जब दारोगा ने एक युवक का हाथ पकड़कर, धक्का देकर उसे हटाने की कोशिश की, जिससे ग्रामीण भड़क गए. पुलिस अब इस मामले में राजस्व टीम के साथ मिलकर विवाद सुलझाने और वायरल वीडियो की जांच करने में जुटी है. हंगामा करने वाले दर्जन भर से अधिक लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है. 

Advertisement

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वर्दी में तैनात दारोगा आनंद कुमार को करीब आधा दर्जन लोग घेरकर धमका रहे हैं. ग्रामीण चिल्लाते हुए कह रहे हैं, "पैसा लेकर कब्जा कराने आए हो, घूस लिए हो." 

वीडियो में दारोगा पीछे हटते हुए अपना बचाव कर रहे हैं, जबकि युवक उन्हें पीछे हटने पर मजबूर कर रहे हैं. इस दौरान दारोगा कहते सुनाई देते हैं कि क्या तुम जबरदस्ती कब्जा कर लोगे? जवाब में युवक कहता है कि "क्या हमें गोली मार दोगे तुम."

पुरानी रंजिश और पुलिसिया कार्रवाई

जांच में पता चला कि यह विवाद मोहम्मद कादिर और मोहम्मद रसीद के बीच पुरानी जमीन को लेकर है. कादिर का दावा है कि वह पिछले 35-40 वर्षों से इस जमीन पर काबिज है, जबकि दूसरा पक्ष इसे अपना बता रहा है. पुलिस के मुताबिक, इस जमीन को लेकर दोनों पक्षों के विरुद्ध पहले भी धारा 126/135 (BNS) के तहत कार्रवाई की जा चुकी है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि दारोगा केवल पोर्टल पर आई शिकायत की जांच करने गए थे.

Advertisement

सीओ सिटी ने दिए जांच के आदेश

इस पूरे मामले पर सीओ सिटी संजय रेड्डी ने बताया कि उप-निरीक्षक के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग और हूटिंग की गई थी. उत्तेजना में आकर दारोगा द्वारा एक व्यक्ति को धक्का देने का वीडियो संज्ञान में आया है. इस घटना की आधिकारिक जांच सीओ द्वारा की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अब राजस्व विभाग की मदद से जमीन के मालिकाना हक का निस्तारण कराने की बात कह रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »