उत्तर प्रदेश के चंदौली में एक स्कूल के भीतर हुई सनसनीखेज वारदात ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. यहां एक्स्ट्रा क्लास के दौरान पढ़ाई कर रहे दसवीं के छात्र पर उसके ही सहपाठी ने चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया, जबकि परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.
दरअसल, यह घटना चंदौली के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित प्रतापपुर गांव के आदर्श इंटर कॉलेज की है. गुरुवार सुबह स्कूल में गणित की एक्स्ट्रा क्लास चल रही थी. क्लास में करीब 8 से 10 छात्र मौजूद थे और शिक्षक बच्चों को पढ़ा रहे थे. इसी दौरान प्रतापपुर गांव निवासी दसवीं का छात्र लव कुश यादव अपनी बेंच पर बैठकर पढ़ाई कर रहा था.
यह भी पढ़ें: चंदौली में सपा महिला जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल की घर में घुसकर बेरहमी से पिटाई, राजभर ने अखिलेश यादव को घेरा
लव कुश के ठीक पीछे वाली बेंच पर फतेहपुर गांव का रहने वाला छात्र उत्कर्ष बैठा हुआ था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पढ़ाई के दौरान अचानक उत्कर्ष ने चाकू निकालकर लव कुश पर हमला कर दिया. हमला इतना अचानक हुआ कि क्लास में मौजूद छात्र और शिक्षक कुछ समझ ही नहीं पाए.
क्लासरूम में मचा हड़कंप
चाकू लगते ही लव कुश गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा. क्लासरूम में मौजूद छात्र घबरा गए और स्कूल में अफरा-तफरी मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षक और परिजन मौके पर पहुंचे.
आनन-फानन में घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
उधर घटना की सूचना मिलते ही चंदौली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
परिजनों ने जताई हैरानी
मृतक छात्र के चाचा दिवाकर यादव ने बताया कि उनके भतीजे की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी. उन्होंने कहा कि आरोपी छात्र बगल के गांव फतेहपुर का रहने वाला है, लेकिन दोनों के बीच किसी विवाद की जानकारी कभी सामने नहीं आई.
उन्होंने कहा कि कुछ लोग गाली-गलौज की बात कह रहे हैं, लेकिन उन्हें इस तरह की किसी घटना की जानकारी नहीं है. परिवार का कहना है कि लव कुश बेहद शांत और सीधा-सादा स्वभाव का लड़का था.
घटना के बाद परिजन लगातार यह सवाल उठा रहे हैं कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक छात्र ने अपने ही सहपाठी पर जानलेवा हमला कर दिया.
शिक्षकों ने भी बताई चौंकाने वाली बात
स्कूल के शिक्षक शिवदयाल ने बताया कि फिलहाल स्कूल में छुट्टियां चल रही हैं, लेकिन दसवीं के छात्रों के लिए मैथ्स और साइंस की एक्स्ट्रा क्लास आयोजित की जा रही थी. घटना के समय करीब 10 छात्र क्लास में मौजूद थे.
उन्होंने बताया कि हमला करने वाला छात्र मृतक के पीछे वाली बेंच पर बैठा हुआ था. अचानक उसने चाकू निकाला और लव कुश पर हमला कर दिया. इससे पहले किसी को भी ऐसी आशंका नहीं थी कि क्लास के भीतर इस तरह की घटना हो सकती है.
शिक्षकों के मुताबिक, दोनों छात्रों का व्यवहार सामान्य था और पहले कभी उनके बीच किसी तरह के झगड़े या विवाद की जानकारी सामने नहीं आई थी.
पुलिस कर रही है हर एंगल से जांच
चंदौली के डिप्टी एसपी देवेंद्र कुमार ने बताया कि कोचिंग जैसी एक्स्ट्रा क्लास के दौरान एक छात्र ने दूसरे छात्र पर चाकू से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई. आरोपी छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि फिलहाल वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. जांच टीम आरोपी छात्र, उसके परिजनों, शिक्षकों और अन्य छात्रों से पूछताछ कर रही है.
अधिकारियों के मुताबिक, यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के पीछे कोई पुराना विवाद, आपसी रंजिश या कोई अन्य कारण था या नहीं. फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.
उदय गुप्ता