उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है. एटीएस ने बाराबंकी के रहने वाले दानियाल अशरफ और कुशीनगर के रहने वाले कृष्णा मिश्रा को संदिग्ध आतंकी गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार किया है. जांच एजेंसी का दावा है कि दोनों आरोपी बीते करीब पांच महीनों से पाकिस्तानी हैंडलर्स और आईएसआई एजेंटों के संपर्क में थे.
एटीएस के अनुसार, दोनों आरोपियों के संबंध पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी समेत अन्य आईएसआई एजेंटों से जुड़े पाए गए हैं. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों, रक्षा प्रतिष्ठानों और सुरक्षा से जुड़े इलाकों की रेकी कर रहे थे.
जांच एजेंसी ने दावा किया है कि दोनों आरोपी वर्दीधारियों की हत्या की साजिश भी रच रहे थे. हालांकि अभी तक इस मामले में किसी बड़े हमले की योजना का पूरा खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन एटीएस इसे गंभीर सुरक्षा खतरे के तौर पर देख रही है.
एटीएस को जांच के दौरान दोनों आरोपियों के बैंक खातों में विदेश से पैसे भेजे जाने के सबूत भी मिले हैं. एजेंसी का कहना है कि रकम भले ही कम थी, लेकिन इसे पाकिस्तानी हैंडलर्स द्वारा भेजा गया था. फिलहाल इन ट्रांजेक्शन की गहराई से जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: ISI के संदिग्ध आतंकी फिर रिमांड पर लिए गए, यूपी एटीएस करेगी पूछताछ, लखनऊ में रची थी बड़ी साजिश
गिरफ्तार आरोपी कृष्णा मिश्रा हरियाणा के सोनीपत में एक जींस की दुकान पर काम करता था, जबकि दानियाल अशरफ ज्वेलरी शॉप में नौकरी करता था. एटीएस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों किस तरह आतंकी नेटवर्क के संपर्क में आए और उन्हें कौन निर्देश दे रहा था.
जांच एजेंसी सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म से मिले सबूतों की भी जांच कर रही है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने 100 से अधिक युवाओं को कथित देश विरोधी वीडियो और भड़काऊ मैसेज भेजे थे. एजेंसी अब उन लोगों की पहचान करने में जुटी है, जो इनके संपर्क में थे या जिन तक ये मैसेज पहुंचाए गए.
एटीएस जल्द दोनों आरोपियों को कस्टडी रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल करेगी. पूछताछ के दौरान यह जानने की कोशिश की जाएगी कि आरोपियों को हथियार किसने उपलब्ध कराए, उनके निशाने पर कौन लोग थे और उनके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं.
एटीएस का मानना है कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही थी. फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है. एजेंसी को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं.
आशीष श्रीवास्तव