मेरठ मर्डर मिस्ट्री: अर्चिता या तुर्कमेनिस्तान की 'मुहब्बत'? शव की पहचान पर उलझी पुलिस, खुलासे पर सवाल

मेरठ के मवाना में सरसों के खेत में मिली महिला की लाश के मामले ने अब अंतरराष्ट्रीय मोड़ ले लिया है. पहले जिसे पुलिस अर्चिता अरोड़ा समझ रही थी, अब उसके तुर्कमेनिस्तान की नागरिक 'मुहब्बत' होने का दावा किया जा रहा है, जिससे केस और उलझ गया है.

Advertisement
मेरठ में महिला की हत्या के खुलासे पर सवाल (Photo- Screengrab) मेरठ में महिला की हत्या के खुलासे पर सवाल (Photo- Screengrab)

उस्मान चौधरी

  • मेरठ ,
  • 05 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 10:40 AM IST

Uttar Pradesh News: मेरठ पुलिस ने 21 फरवरी को मवाना-बिजनौर हाईवे के पास सर्विस रोड किनारे सरसों के खेत से एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद किया. जांच के दौरान 500 सीसीटीवी कैमरों और एक क्रेटा गाड़ी की मदद से चार आरोपियों- चंचल, गुरमुख, संदीप और विवेक को गिरफ्तार किया गया. होटल संचालक और उसके साथियों ने पैसों के विवाद में महिला का मुंह कंबल से दबाकर हत्या की और पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर क्लीनर डाल दिया. शुरुआत में मृतका की पहचान अर्चिता अरोड़ा के रूप में हुई थी, लेकिन अब उसके तुर्कमेनिस्तान की निवासी 'मुहब्बत' होने का नया तथ्य सामने आया है.

Advertisement

होटल के कमरे और पैसों का विवाद

मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि महिला उनकी पुरानी मित्र थी और एक होटल में ठहरी हुई थी. 17-18 फरवरी की रात होटल के कमरे के पैसों के लेनदेन को लेकर उनके बीच तीखी कहासुनी और मारपीट हुई. गुस्से में आकर आरोपियों ने महिला का गला और मुंह कंबल से ढक दिया जिससे उसकी मौत हो गई. साक्ष्य मिटाने के लिए आरोपियों ने होटल की सीसीटीवी फुटेज भी हटा दी थी, जिसे रिकवर करने की कोशिश की जा रही है.

पहचान छिपाने की खौफनाक साजिश

हत्या के बाद आरोपियों ने शव की शिनाख्त मुश्किल बनाने के लिए खौफनाक तरीका अपनाया. उन्होंने होटल की सफाई में इस्तेमाल होने वाले क्लीनर (ज्वलनशील पदार्थ) को महिला के चेहरे पर डाल दिया. इसके बाद 18-19 फरवरी की रात शव को क्रेटा गाड़ी में रखकर मवाना के एक खेत में फेंक दिया. 21 फरवरी को जब इलाके में दुर्गंध फैली, तब पुलिस को सूचना मिली और शव बरामद हुआ. पुलिस ने मौके से कंबल और ज्वलनशील पदार्थ की खाली बोतल भी बरामद की है.

Advertisement

तुर्कमेनिस्तान कनेक्शन ने चौंकाया

इस सनसनीखेज मामले में नया मोड़ तब आया जब दावा किया गया कि मृतका दिल्ली में रह रही तुर्कमेनिस्तान की नागरिक 'मुहब्बत' हो सकती है. चर्चा है कि महिला कुछ संदिग्ध कार्यों से जुड़ी थी और विभिन्न होटलों में जाती थी. एसपी देहात ने बताया कि इस नए तथ्य के सामने आने के बाद अब विदेश मंत्रालय के माध्यम से संबंधित दूतावास से पत्राचार किया जा रहा है. पुलिस अब इस बात की पुष्टि करने में जुटी है कि क्या अर्चिता और मुहब्बत एक ही शख्स हैं.

सलाखों के पीछे चार आरोपी

पुलिस ने इस मामले में कड़ी मशक्कत के बाद चार अभियुक्तों को दबोच लिया है. पकड़े गए आरोपियों में बागपत का गुरमुख उर्फ मोनू, मेरठ का संदीप उर्फ सिट्टू, होटल संचालक चंचल कुमार उर्फ बंटी और विवेक उर्फ काका शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, ये सभी इस षड्यंत्र में शामिल थे. फिलहाल पुलिस विदेशी नागरिकता के दावों को वेरीफाई कर रही है और दूतावास से मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement