उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में बड़ा सड़क हादसा हुआ है. दरअसल, यहां शहीद सूबेदार मेजर का पार्थिव शरीर लेकर जा रही एंबुलेंस हादसे का शिकार हो गई. हादसे में एंबुलेंस सवार चार लोगों की मौत हो गई. यह हादसा अयोध्या-सुल्तानपुर बॉर्डर पर हलियापुर थाना क्षेत्र में हुआ.
हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 79.6 किलोमीटर के पास हुआ. एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में जा घुसी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
देवरिया ले जा रहे थे सूबेदार मेजर का पार्थिव शरीर
जानकारी के मुताबिक, चंडीगढ़ में तैनात सूबेदार मेजर सत्यवान का निधन हो गया था. वह देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के गलिया दुधैला गांव के रहने वाले थे. उनका पार्थिव शरीर एंबुलेंस से उनके पैतृक घर ले जाया जा रहा था.
एंबुलेंस में शहीद सूबेदार मेजर के परिजन भी मौजूद थे. इनमें उनके भाई राजन चौधरी, भतीजे राम समुझ सिंह और बेटे गौरव सिंह शामिल थे. एंबुलेंस को जसपाल चला रहे थे.
पुलिस के मुताबिक, सुबह एंबुलेंस जब हलियापुर क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पहुंची, तभी एक अज्ञात वाहन से उसकी टक्कर हो गई. इसके बाद एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी. हादसे में एंबुलेंस में सवार गौरव सिंह और ड्राइवर जसपाल की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.
इलाज के दौरान दो और लोगों की मौत
हादसे में घायल राजन चौधरी और राम समुझ सिंह को इलाज के लिए अयोध्या के कुमारगंज स्थित सैय्या अस्पताल ले जाया गया. इलाज के दौरान दोनों की भी मौत हो गई. इस तरह हादसे में कुल चार लोगों की जान चली गई. हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है.
यह भी पढ़ें: रायगढ़ के दिवेआगर बीच पर बड़ा हादसा, पिकनिक मनाने आए 8 छात्रों की डूबने से मौत
पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में ले लिया है. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस मामले में अन्य जरूरी कानूनी कार्रवाई भी कर रही है. वहीं, शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर थाना परिसर में ससम्मान सुरक्षित रखवाया गया है. पुलिस हादसे की जांच कर रही है. अज्ञात वाहन की भी तलाश की जा रही है.
सीएम योगी ने हादसे का लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुल्तानपुर के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे का संज्ञान लिया है. उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति दुख जताया है. सीएम ने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत का काम तेज करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही मृतकों के परिवारों से बात कर उन्हें हर संभव मदद देने के निर्देश दिए हैं.
नितिन श्रीवास्तव / आशीष श्रीवास्तव