लखनऊ के बहुचर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश उर्फ तनवीर का ठिकाना अब गोसाईगंज स्थित जिला कारागार बन चुका है. गुरुवार को जेल भेजे जाने और एक दिन क्वारंटाइन में बिताने के बाद शुक्रवार को दोनों बहनों को 45 महिला कैदियों वाली सामान्य बैरक में शिफ्ट कर दिया गया. लग्जरी लाइफस्टाइल की आदी हो चुकी श्रद्धा और रश्मि के लिए जेल की सलाखों के पीछे का यह नया माहौल बेहद भारी पड़ रहा है, जहां उन्हें अब आम कैदियों की तरह ही जेल प्रशासन के सख्त नियमों और दिनचर्या के हिसाब से रहना पड़ रहा है.
जेल प्रशासन के मुताबिक गुरुवार रात जब श्रद्धा का जेल में दाखिला हुआ, तो वह खुद को सामान्य दिखाने की पूरी कोशिश कर रही थी, लेकिन उसके चेहरे पर तनाव साफ झलक रहा था. पहली रात के खाने में उसे साबुत उड़द की दाल, रोटी और आलू-सोया मेथी की सब्जी परोसी गई, जिसे वह पूरा नहीं खा सकी. रात भर करवटें बदलने के बाद शुक्रवार तड़के कुछ देर के लिए ही दोनों की आंख लगी, लेकिन जेल के नियमों के चलते सुबह ठीक 6 बजे उन्हें जगा दिया गया. दोनों बहनों को वही खाना मिल रहा है जो बाकी बंदियों के लिए बनता है.
शुक्रवार सुबह 7 बजे नाश्ते में उन्हें मीठी दलिया और चाय दी गई. इसके बाद करीब 11 बजे दोपहर के भोजन में साबुत उड़द और राजमा की दाल, आलू-लौकी की सब्जी, चावल और रोटी परोसी गई. वहीं, शुक्रवार रात के खाने में उन्हें अरहर की दाल, आलू-कद्दू की सब्जी और रोटी से ही काम चलाना पड़ा. जेल पहुंचने के बाद शुक्रवार को पूरे दिन श्रद्धा, रश्मि या उनके चालक दानिश उर्फ तनवीर से मिलने कोई भी करीबी या रिश्तेदार नहीं पहुंचा.
बैरक में गुमसुम बैठी रहीं दोनों बहन
किसी के न आने से दोनों बहनों के चेहरे पूरी तरह उतरे दिखाई दिए. दिन भर दोनों बैरक में इस तरह गुमसुम बैठी रहीं मानो वे किसी के आने का बेसब्री से इंतजार कर रही हों. पूरे दिन दोनों ने किसी अन्य कैदी से कोई बातचीत नहीं की, हालांकि बीच-बीच में वे आपस में ही थोड़ी बहुत बात करती नजर आईं.जेल प्रशासन की मानें तो अब दोनों धीरे-धीरे जेल के इस माहौल को अपना रही हैं.
जिला कारागार के जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी ने जानकारी दी कि क्वारंटाइन अवधि पूरी होने के बाद तीनों आरोपियों को सामान्य बैरक में शिफ्ट कर दिया गया है और उनकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है. जेल के भीतर दोनों बहनों की निगरानी महिला डिप्टी जेलर और ड्राइवर तनवीर की निगरानी पुरुष डिप्टी जेलर के नेतृत्व में की जा रही है. इसके अलावा, सुरक्षा कारणों को देखते हुए न्यायिक हिरासत की तय तारीख पर तीनों आरोपियों की कोर्ट में पेशी वर्चुअल माध्यम से ही कराई जाएगी.
शिवा शर्मा हत्याकांड में पुलिस की तफ्तीश अब उन लोगों की गर्दन तक पहुंच गई है जिन्होंने आरोपियों को फरार होने में मदद की थी. पुलिस जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि शिवा के बिल्डिंग से गिरने के तुरंत बाद रश्मि दुबे ने आमिर नाम के शख्स को फोन कर मदद के लिए बुलाया था. पुलिस के हाथ लगे अस्पताल के एक सीसीटीवी फुटेज में आमिर शेख, ड्राइवर तनवीर उर्फ दानिश के साथ काली टी-शर्ट पहने हुए साफ दिखाई दिया है, जिसके बाद अब पुलिस की टीमें मददगारों की तलाश में जुट गई हैं.
अंकित मिश्रा