संभल जिले के हयातनगर थाना इलाके के सरायतरीन निवासी अराफात को पुलिस ने डीएम डॉ. राजेंद्र पेंसिया को 17 बार फोन करके परेशान करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. अराफात ने 2 मई को पूरे दिन डीएम को कॉल किए, जिससे परेशान होकर प्रशासन ने कानूनी कार्रवाई की. पुलिस ने आरोपी का शांति भंग में चालान कर सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार की अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. अराफात मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है, जिसने गिरफ्तारी के बाद कहा कि उसने सिर्फ मजे-मजे में डीएम का हाल जानने के लिए फोन किया था.
मंच पर शायरी और फिर जेल
गिरफ्तार युवक अराफात चर्चा में तब आया जब दो दिन पहले उसने एक कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क की मौजूदगी में मंच से शायरी सुनाई थी. लेकिन शायरी का यह शौक और डीएम को बार-बार फोन करने की आदत उसे भारी पड़ गई. पुलिस उसे मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा.
'मजे-मजे में कर दिया फोन'
अस्पताल में मेडिकल के दौरान अराफात ने बड़े ही अजीबोगरीब बयान दिए. उसने कहा, "मैंने तो बस डीएम सर का हाल-चाल पूछने के लिए मजे-मजे में फोन कर दिया था, लेकिन मुझे नहीं पता था कि इतनी बड़ी सजा मिलेगी." अराफात ने यह डर भी जताया कि उसे पागलखाने न भेज दिया जाए, क्योंकि उसके मुताबिक उसे पहले भी वहां भेजा जा चुका है.
पुलिस और कोर्ट की कार्रवाई
डीएम को लगातार फोन आने के बाद हयातनगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया. पुलिस ने आरोपी को नवाबखेल इलाके से गिरफ्तार किया और उसका मेडिकल कराया. सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी को 14 दिन के लिए जेल भेजने का आदेश दिया. फिलहाल, यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है.
अभिनव माथुर