उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य मजदूर घायल हो गए. हादसा थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव मल्हीपुर के पास महा मृत्युंजय मंदिर के सामने हुआ, जहां मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर का ब्रेक फेल हो गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा.
जानकारी के मुताबिक, सभी मजदूर कैराना से सहारनपुर के एक अमरूद के बाग में काम करने जा रहे थे. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों और राहगीरों ने कड़ी मशक्कत कर ट्रॉली के नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकाला.
पुलिस और फील्ड यूनिट ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही थाना रामपुर मनिहारान पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया. डॉक्टरों ने रायबरेली निवासी बॉबी देओल को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है.
नकुड़ की सीओ रुचि गुप्ता ने बताया कि 27 फरवरी को करीब 12:30 बजे अंबाला-देहरादून हाईवे पर हादसे की सूचना मिली थी. प्रथम दृष्टया ब्रेक फेल होने के कारण ट्रैक्टर पलटना सामने आया है.
जांच शुरू, शांति व्यवस्था कायम
सीओ रुचि गुप्ता के अनुसार, सूचना मिलते ही फील्ड यूनिट और थाना पुलिस मौके पर पहुंची. ट्रैक्टर का ब्रेक फेल होने के कारण वह अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे यह दुर्घटना हुई. ट्रैक्टर पर सवार सभी व्यक्तियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.
दुर्भाग्यवश इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई. ट्रैक्टर पर सवार अधिकांश मजदूर रायबरेली के रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मौके पर शांति व्यवस्था कायम है.
राहुल कुमार