UP: 6 माह की गर्भवती भाभी की फावड़े से हत्या, देवर गिरफ्तार, घर से मिले चाकू और सरिया

सहारनपुर के नानौता में 6 माह की गर्भवती महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी देवर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोपी ने मामूली विवाद के बाद फावड़े और धारदार हथियारों से हमला कर भाभी की हत्या कर दी थी. पुलिस ने घर से फावड़ा, चाकू और अन्य सामान बरामद किया है.

Advertisement
सहारनपुर में गर्भवती भाभी की बेरहमी से हत्या. (Photo: Screengrab) सहारनपुर में गर्भवती भाभी की बेरहमी से हत्या. (Photo: Screengrab)

राहुल कुमार

  • सहारनपुर ,
  • 11 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:31 PM IST

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नानौता इलाके में 6 माह की गर्भवती महिला की बेरहमी से हत्या करने वाले आरोपी देवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल बना हुआ है. 

जानकारी के मुताबिक, नानौता के मोहल्ला चाहमंजली में मामूली विवाद अचानक खूनी घटना में बदल गया. आरोप है कि आमिर नाम के युवक ने अपनी गर्भवती भाभी पर फावड़े और धारदार हथियारों से हमला कर दिया और महिला की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि मृतका 6 माह की गर्भवती थी.

Advertisement

गर्भवती भाभी पर फावड़े और चाकू से हमला

वारदात के दौरान इलाके में चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी घटना के बाद भी घर में हंगामा करता रहा. आरोप है कि उसने गैस सिलेंडर खोलकर माहौल को और डरावना बना दिया था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया. पुलिस ने आरोपी आमिर को घटना के तुरंत बाद उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान पुलिस को हत्या में इस्तेमाल फावड़ा, दो चाकू, लोहे की सरिया, कैंची और गैस लाइटर बरामद हुए.

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया

मृतका के पिता की तहरीर पर थाना नानौता में हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया. सहारनपुर एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. नानौता की इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे सहारनपुर को झकझोर कर रख दिया है. फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement