शादी के लिए बना फर्जी दारोगा, वर्दी पहनकर दे रहा था धोखा, रिश्ता पक्का करने पहुंचा तो...

सहारनपुर में एक युवक ने शादी के लिए खुद को दरोगा बताकर वर्दी में घूमते हुए लड़की वालों को झांसा दिया. पूछताछ में सच सामने आया तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. आरोपी बरेली का रहने वाला है और उसने फर्जी आई कार्ड भी बना रखा था.

Advertisement
पुलिस ने फर्जी दारोगा को गिरफ्तार किया (Photo: Rahul Kumar/ITG) पुलिस ने फर्जी दारोगा को गिरफ्तार किया (Photo: Rahul Kumar/ITG)

राहुल कुमार

  • सहारनपुर ,
  • 26 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 8:57 PM IST

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर  से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने शादी करने के लिए खुद को फर्जी दरोगा बताकर लोगों को झांसा दिया. आरोपी वर्दी पहनकर शहर में घूम रहा था और खुद को 2023 बैच का दरोगा बताते हुए सहारनपुर में पोस्टेड होने का दावा कर रहा था.

जानकारी के अनुसार, आरोपी का नाम मोहम्मद कासिम है, जो बरेली जिले के जशनपुर गांव का रहने वाला है. उसने अपनी इस झूठी पहचान के सहारे पीलीभीत की एक युवती के परिवार से शादी की बात भी आगे बढ़ा दी थी.

Advertisement

रिश्ते को पक्का करने के लिए लड़की पक्ष के लोग गुरुवार को सहारनपुर पहुंचे. कोट रोड पर वर्दी पहने कासिम उनसे मिला. उसके साथ उसका पिता पुत्तन भी मौजूद था. कासिम खुद को असली दरोगा साबित करने की कोशिश करता रहा, लेकिन बातचीत के दौरान उसकी बातों में कई गड़बड़ियां सामने आने लगीं.

वर्दी पहनकर लड़की वालों को दिया झांसा

उसकी घबराहट और जवाबों में झोल देखकर लोगों को शक हो गया. इसी दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को भी इस मामले की जानकारी मिली. ड्यूटी पर तैनात दरोगा अमित ने कासिम से पूछताछ शुरू की. जब उससे उसके बैच, रोल नंबर और तैनाती से जुड़े सवाल पूछे गए तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया. इसके बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाना सदर बाजार पहुंची.

थाने में पूछताछ के दौरान कासिम ने कबूल कर लिया कि वह पुलिस में चयनित नहीं हुआ था. उसने बताया कि अच्छी शादी करने के लिए उसने दरोगा की वर्दी पहनकर झूठा रुतबा दिखाया. इस दौरान उसके पास से पुलिस का फर्जी आई कार्ड और कुछ दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है.

Advertisement

घटना की जानकारी मिलने के बाद लड़की पक्ष के परिजन भी सदर बाजार थाने पहुंचे. उन्होंने कासिम और उसके पिता पुत्तन को पुलिस के हवाले कर दिया और वापस पीलीभीत लौट गए. जाते समय परिजनों ने राहत की सांस ली और कहा कि समय रहते सच सामने आ गया, वरना उनकी बेटी की जिंदगी खराब हो सकती थी.

कासिम के पिता पुत्तन ने बताया कि उनका बेटा पहले ट्रेनिंग के लिए गया था, लेकिन बाद में उसे बर्खास्त कर दिया गया. उन्होंने कहा कि उन्हें इस रिश्ते की जानकारी भी नहीं थी और वे सिर्फ मिलने के लिए आए थे. इस मामले में ASP Manoj Yadav ने बताया कि 26 मार्च 2026 को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी में संदिग्ध रूप से घूम रहा है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की और उसके पास से फर्जी आई कार्ड बरामद किया.

शक होने पर पुलिस ने हिरासत में लेकर किया खुलासा

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद स्वीकार किया कि उसने शादी के लिए खुद को दरोगा बताकर लड़की वालों को बुलाया था. फिलहाल पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसे जेल भेज दिया गया है. मामले की जांच जारी है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement